
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
झीलों और पर्यटन की पहचान रखने वाला उदयपुर अब नवाचार, स्टार्टअप और निवेश के क्षेत्र में भी अपनी जगह मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी उद्देश्य से भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) उदयपुर में आयोजित ‘आरंभ निवेशक सम्मेलन 2026’ में नवोदित उद्यमियों और निवेशकों को एक मंच पर लाया गया। सम्मेलन में स्टार्टअप्स ने अपने नवाचार, व्यावसायिक मॉडल और विस्तार की योजनाएं निवेशकों के सामने प्रस्तुत कीं।
आयोजन में देशभर से करीब 350 स्टार्टअप ने पंजीकरण कराया, जबकि लगभग 200 प्रतिभागियों ने प्रत्यक्ष रूप से सम्मेलन में हिस्सा लिया। राजस्थान के अलावा गुजरात, दिल्ली, नोएडा और महाराष्ट्र सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे उद्यमियों ने निवेशकों एवं उद्योग विशेषज्ञों के समक्ष अपने व्यावसायिक विचार, बाजार रणनीति, नवाचार और पूंजी की आवश्यकताओं का प्रस्तुतीकरण किया।
सम्मेलन में मेघना दीक्षित, सीए वैशाली खेतान, अनिल कुमार तुलसिदास, मयंक अग्रवाल, रोशन जैन, विंग कमांडर डॉ. प्रवीण थापर, मनीष पालीवाल, मुकेश कुमार, बृजेश हिरात, नारायण गुर्जर, शौर्य गटानी तथा आईआईएम उदयपुर के प्रो. हेमेन्द्र तेलसरा सहित निवेश एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। अरावली समूह के अस्पतालों के निदेशक डॉ. आनंद गुप्ता विशेष अतिथि रहे।
सम्मेलन के लिए चयनित स्टार्टअप्स में बिहार ब्रांड, लूपा बर्ग, फिनोनेस्ट, एम वेलनेस बाजार, ग्रो पार्ट, इंडिवोशन और एग्जाम ए ने अपने उत्पादों, सेवाओं और भविष्य की विस्तार योजनाओं को निवेशकों के समक्ष प्रस्तुत किया।
आयोजन का प्रमुख पक्ष चयनित स्टार्टअप्स के लिए निवेशकों की ओर से 10 करोड़ रुपये से अधिक की संभावित निवेश प्रतिबद्धता सामने आना रहा। अब आरंभ की टीम संबंधित उद्यमों के साथ विस्तृत जांच-पड़ताल, व्यावसायिक योजनाओं, निवेश के उपयोग और विस्तार रणनीति पर आगे काम करेगी।
महाराष्ट्र से आए एक निवेशक समूह ने भी दीर्घकाल में संभावनाशील स्टार्टअप्स में 50 करोड़ रुपये तक चरणबद्ध निवेश करने की इच्छा जताई। यह निवेश संबंधित उद्यमों की प्रगति, जांच-पड़ताल और आपसी सहमति के आधार पर आगे बढ़ेगा।
वायम समूह द्वारा संचालित आरंभ उद्यम संवर्धन केंद्र दक्षिण राजस्थान में स्टार्टअप्स को मार्गदर्शन, निवेश संपर्क, व्यावसायिक नेटवर्क और विस्तार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। समूह अध्यक्ष एवं भारतीय वायुसेना के पूर्व अधिकारी रोहित पालीवाल के मार्गदर्शन में केंद्र का लक्ष्य उदयपुर को पर्यटन के साथ-साथ उद्यमिता और नवाचार के उभरते केंद्र के रूप में नई पहचान दिलाना है।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


