
इंदौर | शाबाश इंडिया।
सर सेठ हुकुमचंद जी की धर्मनगरी इंदौर में सकल जैन समाज के इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ने जा रहा है। श्रावक संस्कार शिविर के समापन अवसर पर पूज्य गुरुदेव तीर्थ चक्रवर्ती निर्यापक मुनि श्री सुधासागरजी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में शनिवार, 26 सितंबर को विशाल एवं भव्य चल समारोह (शोभायात्रा) का आयोजन किया जाएगा।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने बताया कि यह शोभायात्रा जैन समाज की एकता, तप, संस्कार और धार्मिक भावना का प्रतीक होगी। शोभायात्रा में 5 हजार से अधिक शिविरार्थियों के साथ दशलक्षण महापर्व के अवसर पर 10 निर्जल उपवास की तप साधना करने वाले 250 से अधिक तपस्वी साधक एवं समाजजन भी शामिल होंगे। सभी तपस्वी एवं शिविरार्थी श्वेत वस्त्रों में शामिल होकर अपनी तप-साधना की प्रभावना करेंगे।
शिविर पुण्यार्जक आलोक एवं आकाश कोल ने बताया कि ऐतिहासिक शोभायात्रा में बैंड-बाजे, घोड़े, बग्गी एवं विंटेज गाड़ियों का काफिला आकर्षण का केंद्र रहेगा। शोभायात्रा प्रमुख हर्ष जैन एवं जेनेश झांझरी ने बताया कि शोभायात्रा 26 सितंबर को प्रातः 7 बजे विद्या सुधा देशना मंडप, दलाल बाग से प्रारंभ होगी।
शोभायात्रा दलाल बाग से मोदी जी की नसिया, रामाशाह मंदिर, लश्करी मंदिर, राजवाड़ा, शक्कर बाजार स्थित तीन मंदिरों और कांच मंदिर होते हुए तीर्थ स्वरूप आदिनाथ जिनालय, छत्रपति नगर पहुंचेगी।
धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन दद्दू ने समाजजनों एवं विभिन्न सोशल ग्रुप फेडरेशन, महिला मंडलों, युवा मंडलों और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनों से शोभायात्रा के मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत मंच लगाकर तपस्वी शिविरार्थियों का अक्षत-पुष्पों से भावभीना स्वागत एवं अभिनंदन करने की अपील की।
उन्होंने सभी समाजजनों से समय का विशेष ध्यान रखते हुए प्रातः 7 बजे दलाल बाग पहुंचने का आग्रह किया। आयोजकों के अनुसार, मुनि श्री सुधासागरजी महाराज के पावन सान्निध्य में होने वाली यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था और तप-साधना का विशेष अवसर होगी।
निवेदक: चातुर्मास अध्यक्ष नवीन गोधा, चातुर्मास गौरव सपना मनीष गोधा, महोत्सव अध्यक्ष रानी अशोक दोशी, शिविर पुण्यार्जक आकाश जैन, आलोक जैन कोयला परिवार, अक्षय कासलीवाल, राहुल जैन स्पोर्ट्स एवं धर्मेन्द्र सिनकेम।
सकल जैन समाज धर्म प्रभावना समिति, इंदौर
प्रस्तुति एवं प्रेस प्रेषक: राजेश जैन दद्दू
प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी


