
जयपुर | शाबाश इंडिया।
राजा रामदेव पोदार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधी नगर के छात्र सनी, पुत्र श्री गिरेन्द्र सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है।
सनी ने महेन्द्रगढ़ (हरियाणा) में आयोजित राष्ट्रीय एकता शिविर में सहभागिता करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें गोल्ड मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) विद्यार्थियों में सामुदायिक सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है।
विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्य लक्ष्मी नारायण झा ने सनी को गोल्ड मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी कुलदीप अग्रवाल, श्रीमती योगमाया, श्री राजेश कुमार शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने सनी की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। इस उपलब्धि से विद्यालय के साथ-साथ अभिभावकों का भी गौरव बढ़ा है।


