जयपुर। शाबाश इंडिया।

वीकेआई स्थित बैराठी पार्क में बैराठी फाउंडेशन के तत्वावधान में खेजड़ी के 101 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। साथ ही पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर पर्यावरण संरक्षण एवं जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया गया।
बैराठी फाउंडेशन के डॉ. सौरभ बैराठी ने बताया कि खेजड़ी को राजस्थान का राजकीय वृक्ष तथा रेगिस्तान का राजा कहा जाता है। यह वृक्ष विपरीत परिस्थितियों में भी जीवनदायी भूमिका निभाता है, इसलिए इसे ‘जीवन वृक्ष’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
डॉ. बैराठी ने बताया कि बैराठी ग्रुप वर्तमान में 15 हजार से अधिक पेड़-पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव का दायित्व निभा रहा है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वीकेआई औद्योगिक क्षेत्र एवं मंडा क्षेत्र में हजारों पौधे लगाए गए थे, जिनकी नियमित देखभाल भी फाउंडेशन द्वारा की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।


