
महाआरती, छप्पन भोग की झांकी और प्रसाद वितरण ने ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ को बनाया आस्था और अपनत्व का संगम
उदयपुर (शाबाश इंडिया)। दीपावली के बाद परस्पर शुभकामनाओं, आत्मीय मिलन और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर रविवार को प्रताप गौरव केंद्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ परिसर स्थित भक्तिधाम में दिव्य रूप में साकार हुआ। यहां आयोजित दिवाली मिलन एवं अन्नकूट महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक गरिमा और सामाजिक सद्भाव का सुंदर वातावरण रचा। पूरा परिसर देर तक भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा।
छप्पन भोग में सजी समृद्धि की परंपरा
दीपोत्सव की पावन श्रृंखला में आयोजित इस कार्यक्रम के लिए भक्तिधाम को रंग-बिरंगे पुष्पों और दीपों से सजाया गया। विविध व्यंजनों, मिष्ठानों और नैवेद्य से सजी छप्पन भोग की मनोहारी झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भगवान के समक्ष सजे अन्नकूट के विविध स्वरूप ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। यह झांकी केवल समृद्धि का प्रतीक नहीं, बल्कि अन्न के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सबके सुख-कल्याण की भारतीय परंपरा का जीवंत संदेश भी बनी।
महाआरती में गूंजा राष्ट्रीय तीर्थ
प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि दिवाली मिलन के अवसर पर आयोजित महाआरती में वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद, घंटा-घड़ियाल और भक्ति गीतों की मंगलध्वनि से पूरा राष्ट्रीय तीर्थ परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर सुख, शांति, समृद्धि, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्र-कल्याण की मंगलकामना की।
गणमान्यजनों ने की सुख-समृद्धि की प्रार्थना
महोत्सव में उदयपुर लोकसभा सांसद एवं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मन्नालाल रावत, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के महामंत्री दीपक शुक्ल, कोषाध्यक्ष सीए डॉ. महावीर चपलोत, उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष भार्गव, पूर्व कुलपति डॉ. कैलाश सोडाणी, हेमेंद्र श्रीमाली, डॉ. राहुल जैन, डॉ. सुहास मनोहर, रमन सूद, डॉ. विवेक भटनागर, नारायण गमेती, जयदीप आमेटा, धर्मपाल, पार्षद प्रदीप विजयवर्गीय, मनोज जोशी एवं प्रो. अनिल कोठारी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
प्रसाद में बंटी सेवा और सद्भावना
स्थानीय क्षेत्रवासियों के साथ प्रताप गौरव केंद्र का भ्रमण करने आए पर्यटकों ने भी अन्नकूट झांकी के दर्शन किए। आरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दिवाली मिलन और अन्नकूट महोत्सव का यह आयोजन संदेश दे गया कि दीपों की रोशनी तभी सार्थक है, जब वह आस्था, अपनत्व, सेवा और साझा खुशियों के भाव से समाज के हर मन को आलोकित करे।
रिपोर्ट/फोटो : कौशल मूंदड़ा


