Tuesday, November 24, 2026

गायत्री नगर में पाठशाला के बालक-बालिकाओं ने किया सामूहिक अभिषेक एवं पूजन

अष्टान्हिका महापर्व पर 30 से अधिक बच्चों ने पहली बार लिया सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान में भाग; मंदिर समिति ने प्रतिमाह आयोजन कराने की घोषणा की

जयपुर (शाबाश इंडिया)। श्री दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति, गायत्री नगर, महारानी फार्म, दुर्गापुरा की ओर से अष्टान्हिका महापर्व के अवसर पर 22 नवंबर को पाठशाला के बालक-बालिकाओं के लिए सामूहिक अभिषेक एवं पूजन का आयोजन किया गया। आठ वर्ष से अधिक आयु के बच्चों ने पहली बार इस धार्मिक अनुष्ठान में उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। आयोजन विधानाचार्य पंडित अजीत शास्त्री, गायत्री नगर के निर्देशन में संपन्न हुआ।

अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि इस आयोजन में पाठशाला के 30 से अधिक बालक-बालिकाओं ने सामूहिक अभिषेक एवं शांतिधारा की। इसके पश्चात विपुल छाबड़ा एवं गौरव शाह के विशेष सहयोग से सामूहिक पूजन संपन्न हुआ। मंदिर में अष्टान्हिका महापर्व के दौरान प्रतिदिन श्रावक-श्राविकाओं द्वारा नंदीश्वर द्वीप की आराधना भी की जा रही है।

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि गायत्री नगर मंदिर में पाठशाला के बच्चों द्वारा महापर्व के अवसर पर सामूहिक अभिषेक एवं पूजन का यह पहला आयोजन था। उन्होंने कहा कि समाज में आठ वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बालक-बालिकाओं को मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सम्मानित किया जाता है। उन्होंने घोषणा की कि बच्चों के लिए सामूहिक अभिषेक एवं पूजन का आयोजन अब प्रतिमाह किया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर इस आयोजन में अवश्य भेजें।

इस अवसर पर कैलाश-मधु छाबड़ा परिवार की ओर से सभी बच्चों को अल्पाहार कराया गया। मुनि वैयावृत्ति महिला समूह ने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप पारितोषिक प्रदान किए।

कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के मंत्री राजेश वोहरा, उपाध्यक्ष विजय सोगानी, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, कोषाध्यक्ष राकेश छावड़ा, बसंत बाकलीवाल, संतोष गंगवाल, राकेश पटौदी, पदम झांझरी, कैलाश छाबड़ा, अशोक विधानसभा वाले सहित सैकड़ों महिला-पुरुष उपस्थित रहे।

प्रेषक : उदयभान जैन, जयपुर
मोबाइल : 94143-06696

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar