Tuesday, November 24, 2026

आचार्य सुनील सागरजी के सान्निध्य में जैन समाज का दीपावली स्नेह मिलन समारोह संपन्न

चार पीढ़ियों से साथ रह रहे परिवारों को ‘आदर्श भारतीय संयुक्त परिवार’ सम्मान; 40 नन्हे बच्चों को दिए उपहार, मेहंदी और बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिता के प्रतिभागी भी हुए पुरस्कृत

इंदौर (शाबाश इंडिया)। जैन समाज की एकता के लिए प्रतिबद्ध संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ जैन फोरम के तत्वावधान में आचार्य श्री सुनील सागरजी महाराज के पावन सान्निध्य में दीपावली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन नेमी नगर स्थित घूंघट गार्डन में संपन्न हुआ।

मीडिया प्रभारी राजेश जैन दद्दू ने बताया कि समारोह में चार पीढ़ियों से एक साथ रह रहे परिवारों को ‘आदर्श भारतीय संयुक्त परिवार’ सम्मान से अलंकृत किया गया। वहीं, चार वर्ष तक की आयु के 40 बालक-बालिकाओं को उपहार भेंट किए गए। बेस्ट मेहंदी एवं बेस्ट ड्रेस प्रतियोगिताओं के सभी प्रतिभागियों को भी उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिताओं की निर्णायक मुक्ता जैन, सपना जैन, नेहा जैन एवं अदिति मेहता रहीं।

इस अवसर पर आचार्य श्री सुनील सागरजी महाराज ने अपने मंगल आशीर्वचन में समारोह की सराहना करते हुए कहा कि महान वे लोग नहीं होते, जो अपनी शर्तों पर जीते हैं, बल्कि महान वे होते हैं, जो अपनों के लिए अपनी शर्तें बदल देते हैं। आज आवश्यकता है कि समाज की सभी संस्थाएं ‘परस्परोपग्रहो जीवानाम्’ की भावना के अनुरूप रचनात्मक कार्य करें तथा उपकार और परोपकार के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।

फोरम के संस्थापक अशोक मेहता ने कहा कि जैन फोरम सदैव समग्र जैन एकता की पक्षधर रही है और जैन समाज के प्रभाव, प्रभुत्व एवं प्रतिनिधित्व के लिए प्रतिबद्ध है। संस्था समाज की प्रतिभाओं और तपस्वियों का सम्मान करने, बुजुर्गों का अभिनंदन करने तथा मेधावी बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने सहित अनेक रचनात्मक कार्य करती रहती है। फोरम के प्रमुख कांतिलाल बम ने भी समारोह को संबोधित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभा जैन के मंगलाचरण से हुआ। आयोजन का संयोजन वीणा सेठी, रेखा पतंगिया, कल्पना पटवा, शांता भामावत एवं सरिता जैन ने किया, जबकि संचालन अनामिका बाकलीवाल ने किया।

समारोह में अशोक मेहता, कांतिलाल बम, इंद्रकुमार सेठी, निर्मल कासलीवाल, कैलाश वेद, राजीव भाणावत, मयंक जैन, कैलाश लुहाड़िया, राजेश जैन दद्दू, निलेश रांका, प्रकाश भटेवरा, प्रमोद डफरिया सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

राजेश जैन दद्दू

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar