Saturday, November 21, 2026

श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन पर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का प्रथम स्थापना दिवस मनाया

मंत्रोच्चार, सामूहिक पूजा और मिष्ठान वितरण के साथ मनाया उत्सव; प्रतिमा के माध्यम से प्रसारित हो रहा ‘जियो और जीने दो’ का संदेश

श्री महावीरजी (शाबाश इंडिया)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत श्री महावीरजी रेलवे स्टेशन परिसर में बंसी पहाड़पुर के पत्थरों से निर्मित सुंदर छतरी के मध्य स्थापित भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का प्रथम स्थापना दिवस दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी कमेटी के तत्वावधान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र कमेटी के विशेष अधिकारी कर्नल विष्णु सिंह, मैनेजर नेमीचंद जैन पाटनी, जनसंपर्क अधिकारी एवं जैन विद्वान पंडित मुकेश मधुर, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, संस्थापक अध्यक्ष सुमेर जैन सोनी, अमित जैन एवं राजेश जैन गोधा सहित दर्जनों साधर्मी बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छतरी में पद्मासन मुद्रा में विराजमान 1400 किलोग्राम वजनी ब्रॉन्ज मेटल की भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा का मंत्रोच्चार के साथ परिमार्जन किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने छतरी, ग्रेनाइट से निर्मित चबूतरे और गोलाकार परिसर की सामूहिक रूप से साफ-सफाई कर उसे आकर्षक रूप दिया। स्थापना दिवस पर पूरे सर्कल को फूलों से सजाया गया। इसके बाद णमोकार मंत्र, मंगलाष्टक एवं महावीर अष्टक का मंगल पाठ किया गया तथा अष्टद्रव्यों से भगवान महावीर स्वामी की सामूहिक पूजा-अर्चना की गई।

समारोह में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और भगवान महावीर के जयकारे लगाए। इस अवसर पर सैकड़ों साधर्मी बंधुओं एवं आमजन को मिष्ठान वितरित किया गया।

प्रतिमा से विश्वभर में प्रसारित हो रहा ‘जियो और जीने दो’ का संदेश

जनसंपर्क अधिकारी पंडित मुकेश मधुर ने कहा कि भारत सरकार और रेल मंत्रालय ने रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित कर जैन समाज को गौरव प्रदान किया है। यह प्रतिमा समस्त विश्व में भगवान महावीर स्वामी के ‘जियो और जीने दो’ के संदेश का प्रसार कर रही है।

स्टेशन के दूसरे चरण में होंगे कई विकास कार्य

दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के दूसरे चरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके अंतर्गत रेलवे स्टेशन परिसर में विशाल सिंह द्वार, सेल्फी वॉल और यात्रियों की सुविधा के लिए कई निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए लिफ्ट भी लगाई जाएगी। स्टेशन परिसर में रंगीन लाइटें लगाने की योजना है।

उन्होंने बताया कि भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र और श्री महावीरजी तीर्थ की कहानी को आर्ट गैलरी के माध्यम से पत्थरों पर अंकित कर रेलवे स्टेशन भवन के अंदर प्रदर्शित किया जाएगा।

कमेटी ने जताया भारत सरकार और रेल मंत्रालय का आभार

स्थापना दिवस के अवसर पर दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीरजी कमेटी के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल एवं मानद मंत्री उमरावमल संघी ने भारत सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित होने से पूरे देश में उनके अहिंसा के संदेश का प्रसार हो रहा है। यह मनोहारी प्रतिमा रेल यात्रियों को विश्व शांति, अहिंसा और आपसी सौहार्द का संदेश दे रही है।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar