
गणिनी आर्यिका विभाश्री माताजी ने श्रावक धर्म, कर्तव्यनिष्ठा और संयमित जीवन का महत्व बताया
जयपुर (शाबाश इंडिया)। निर्माण नगर स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टान्हिका पर्व के पावन अवसर पर श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विश्व में शांति, अमन-चैन, रोग, शोक एवं भय से मुक्ति, सर्वसौभाग्य, समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की मंगल भावना के साथ आयोजित इस विधान में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
गणाचार्य 108 श्री विराग सागर जी महाराज के पट्टाचार्य आचार्य 108 श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा उनकी शिष्या विदुषी परम पूज्य गणिनी आर्यिका 105 विभाश्री माताजी एवं 105 विनयश्री माताजी के ससंघ सानिध्य में यह आयोजन हो रहा है। पार्श्वनाथ कॉलोनी सहित आसपास की विभिन्न कॉलोनियों के श्रावक-श्राविकाएं श्रद्धा और भक्ति के साथ विधान में सहभागिता कर रहे हैं।
विधान में महायज्ञनायक बनने का सौभाग्य सुजानगढ़ के अजित-रजनी पाटनी परिवार तथा यज्ञनायक बनने का सौभाग्य प्रकाश-बीनाजी ढुंढिया परिवार को प्राप्त हुआ। धार्मिक क्रियाओं के दौरान शांतिधारा करने का सौभाग्य सुजानगढ़ के महावीर प्रसाद, सुमित्रा, धर्मचंद, रुचि, वर्धित एवं यशस्वी पाटनी परिवार को मिला। वहीं चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य रवि, रुचि एवं नमन सेठी परिवार को प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर परम पूज्य विभाश्री माताजी ने प्रवचन में श्रावकों को धर्म एवं कर्तव्य का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को श्रावक धर्म का पालन करते हुए अपने व्यापार, परिवार और सामाजिक जीवन में कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। धर्म के संस्कारों को जीवन में आत्मसात कर सदाचार और संयम के साथ जीवन जीना चाहिए।
विधान के अंतर्गत देव-शास्त्र-गुरु पूजन, पंच परमेष्ठी पूजन एवं नंदीश्वर द्वीप पूजन के पश्चात सिद्ध परमेष्ठी के सोलह गुण, बत्तीस गुण तथा चौंसठ ऋद्धियों के अर्घ्य श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ समर्पित किए गए।
इस अवसर पर 105 विनयश्री माताजी ने चौंसठ ऋद्धियों के महत्व एवं उनकी विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने श्रावक-श्राविकाओं को धार्मिक भावनाओं और सिद्ध परमेष्ठी की आराधना का महत्व समझाया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक पूजन एवं अर्घ्य समर्पित कर धर्मलाभ प्राप्त किया।


