
महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित, करीब 200 छात्राओं ने लिया भाग
जयपुर (शाबाश इंडिया)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजकीय कन्या महाविद्यालय, विद्याधर नगर में विधिक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। मानव सेवा ट्रस्ट राजस्थान एवं जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी के सीडलिंग स्कूल ऑफ लॉ एंड गवर्नेंस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला का विषय ‘महिला सुरक्षा एवं उसके अधिकार’ रहा। इसमें करीब 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कानूनी जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
स्वास्थ्य कल्याण होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ आचार्य एवं चिकित्सक, ट्रस्ट सदस्य तथा मीडिया प्रभारी प्रो. डॉ. राजीव सक्सेना ने बताया कि मानव सेवा ट्रस्ट की ओर से संचालित ‘मिशन संबल’ महिलाओं और बालिकाओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों से जोड़ने तथा उन्हें सुरक्षित, समान और सशक्त जीवन उपलब्ध कराने की समग्र पहल है। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, गांवों और कच्ची बस्तियों में जागरूकता शिविर आयोजित कर हर महिला को सुरक्षा, हर बेटी को अधिकार और हर आवाज़ को सम्मान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम संयोजक कौशल सत्यार्थी ने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े कानूनी अधिकारों, सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए उपलब्ध विधिक प्रावधानों तथा सहायता तंत्र की जानकारी देना था।
कार्यशाला में वक्ताओं ने महिला सुरक्षा एवं संरक्षण, कानूनी अधिकारों और विधिक प्रावधानों, महिला हेल्पलाइन तथा सहायता प्रणालियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
ट्रस्ट की महासचिव दुर्गा वर्मा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल शिक्षा तक सीमित नहीं होना चाहिए। प्रत्येक महिला और बालिका को अपने कानूनी अधिकारों तथा सुरक्षा एवं संरक्षण के उपायों की जानकारी भी होनी चाहिए। जागरूकता ही आत्मविश्वास और सुरक्षित समाज की नींव है।
कार्यक्रम में डॉ. रेनुका राठौड़, डॉ. ज्ञान भारती, डॉ. प्रिंसी वर्मा, डॉ. निहारिका, डॉ. सुमन ढाका, किरण मीना, दुर्गा वर्मा और दिव्या किरार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।


