
असम से जामनगर स्थित वनतारा लाया जा रहा सात सप्ताह का हाथी, डॉक्टरों और देखभालकर्ताओं की टीम भी रहेगी साथ
जन्म के पहले ही दिन टूट गया था पिछला पैर, सात सप्ताह से जिंदगी की जंग लड़ रहा है नन्हा हाथी
जामनगर/गुवाहाटी (शाबाश इंडिया)। महज सात सप्ताह का नन्हा हाथी ‘राजा’ अभी अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पाया है और जिंदगी की जंग लड़ रहा है। जिस उम्र में उसे अपनी मां के साथ खेलना और दौड़ना चाहिए था, उस उम्र में वह गंभीर चोट और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है। जन्म के पहले ही दिन मां की घबराहट में लगी एक लात से उसके पिछले पैर की हड्डी टूट गई थी। इसके बाद उसे मां का दूध भी नहीं मिल पाया।
असम में 2 अक्टूबर को जन्मे राजा की हालत गंभीर बनी हुई है। पिछले सात सप्ताह से वनतारा के चिकित्सक उसकी देखभाल कर रहे हैं। टूटे पैर के साथ संक्रमण और कमजोरी ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब उसे बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए अनंत अंबानी की पहल पर विशेष विमान से असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा लाया जा रहा है।
करीब 2,500 किलोमीटर से अधिक का सड़क मार्ग इस नन्हे हाथी के लिए जोखिम भरा हो सकता था। इसे देखते हुए लगभग चार घंटे की हवाई यात्रा की व्यवस्था की गई है। विमान में राजा के लिए विशेष बिस्तर और घायल पैर को सहारा देने की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों एवं देखभालकर्ताओं की टीम पूरी यात्रा के दौरान उसके साथ रहेगी। वनतारा पहुंचने पर उसे विशेष अस्पताल में भर्ती कर गहन उपचार दिया जाएगा।
वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा, “राजा पिछले सात सप्ताह से गंभीर चोट और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है। अनंत अंबानी के सहयोग से उसे जल्द से जल्द वनतारा लाया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी देखभाल और इलाज करेंगे। हमारी पूरी कोशिश है कि राजा स्वस्थ हो और दोबारा अपने पैरों पर चल सके।”


