
जयपुर में पहली बार निकलेगी भव्य भरत चक्रवर्ती दिग्विजय यात्रा, 13 बग्गियों के साथ हाथी-घोड़े भी होंगे शामिल
जयपुर (शाबाश इंडिया)। निर्माण नगर स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में अष्टान्हिका पर्व के पावन अवसर पर श्री 1008 सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन किया जा रहा है। विश्व में शांति, अमन-चैन, रोग, शोक एवं भय से मुक्ति, सर्वसौभाग्य, समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की मंगल भावना के साथ आयोजित इस विधान में श्रावक-श्राविकाएं श्रद्धा एवं भक्तिभाव से भाग ले रहे हैं।
गणाचार्य 108 श्री विराग सागर जी महाराज के पट्टाचार्य आचार्य 108 श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा उनकी शिष्या विदुषी परम पूज्य गणिनी आर्यिका 105 विभाश्री माताजी एवं 105 विनयश्री माताजी के ससंघ सानिध्य में पंडित स्वतंत्र भैया जी, भोपाल के निर्देशन में विधान की धार्मिक क्रियाएं संपन्न हो रही हैं।
विधान के अंतर्गत जिनसहस्रनाम धारा में भगवान आदिनाथ के 1008 नामों के साथ कलशाभिषेक किया गया। इसमें सौधर्म इंद्र, भरत चक्रवर्ती, धनपति कुबेर, ईशान इंद्र, श्रीपाल, संतकुमार इंद्र, महेंद्र इंद्र, ब्रह्मेंद्र इंद्र, लांतेंद्र इंद्र, शुक्रेंद्र इंद्र, आतेंद्र इंद्र, प्राणतेंद्र इंद्र, अच्युतेन्द्र इंद्र एवं बाहुबली सहित महायज्ञनायक परिवार ने जिनसहस्रनाम धारा संपन्न की।
शांतिधारा के साथ चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन एवं शास्त्र भेंट करने का सौभाग्य दूदू के फूलचंद, नरेशकुमार-मंजू, साहिल-प्रीति, गौरव-मेधा, मान्या, अनाया, दक्ष एवं समस्त झाझरी परिवार को प्राप्त हुआ।
जिनधर्म का सहारा लेकर जीवन को सुखी बनाया जा सकता है : विभाश्री माताजी
परम पूज्य विभाश्री माताजी ने प्रवचन में कहा कि संसार में प्रत्येक व्यक्ति किसी न किसी रूप में दुखी है। कोई तन से, कोई मन से तो कोई धन के अभाव में परेशान है। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में कोई न कोई दुख अवश्य होता है। उन्होंने श्रावक-श्राविकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिनधर्म का सहारा लेकर जीवन को सुखी एवं सार्थक बनाया जा सकता है।
माताजी ने भरत चक्रवर्ती और बाहुबली के प्रसंग के माध्यम से अहंकार एवं आपसी वैमनस्य के दुष्परिणाम समझाए। उन्होंने दोनों भाइयों के बीच हुए दृष्टि युद्ध, जल युद्ध एवं मल्ल युद्ध के प्रसंग का उल्लेख करते हुए त्याग, संयम और अहंकार से दूर रहने की प्रेरणा दी।
विधान के अंतर्गत देव-शास्त्र-गुरु पूजन, पंच परमेष्ठी पूजन एवं नंदीश्वर द्वीप पूजन के पश्चात पाप दहन के 128 अर्घ्य श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ समर्पित किए गए। श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर अर्घ्य चढ़ाए और धर्मलाभ प्राप्त किया।
जयपुर में पहली बार निकलेगी भव्य भरत चक्रवर्ती दिग्विजय यात्रा
विधान के अंतर्गत 22 नवंबर को जयपुर में पहली बार भव्य भरत चक्रवर्ती दिग्विजय यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 2 बजे मंदिर परिसर से शुरू होने वाली इस यात्रा में बैंड-बाजे, हाथी, घोड़े, 13 बग्गियां और जिनध्वजा शामिल होंगे। सभी इंद्र अपने दल-बल एवं लवाजमे के साथ यात्रा में शामिल होंगे।
भगवान के माता-पिता बनने का सौभाग्य कुचामन के विमलादेवी-मुकेश एवं समता झाझरी परिवार को प्राप्त हुआ है। जुलूस में सबसे आगे जिनध्वजा लेकर कमल कुमार तथा विशाल, रवि एवं रुचि सेठी परिवार के सदस्य चलेंगे। यात्रा को भव्य स्वरूप देने की तैयारियां की जा रही हैं।
सायंकाल मंदिर में आरती एवं प्रवचन होंगे। इसके साथ ही भरत-बाहुबली युद्ध प्रसंग पर आधारित धार्मिक प्रस्तुति भी आयोजित की जाएगी।
सुभाष पहाड़िया


