Saturday, November 21, 2026

श्री महावीर कॉलेज में अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आगाज

राजस्थान के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें ले रही हैं हिस्सा, दो दिन तक होंगे रोमांचक मुकाबले

जयपुर (शाबाश इंडिया)। श्री महावीर कॉलेज एवं राजस्थान विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 20 एवं 21 नवंबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय अंतरमहाविद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से आई टीमों के खिलाड़ियों, टीम मैनेजरों एवं कोच का परिचय कराया गया।

प्रतियोगिता में राजस्थान के प्रमुख महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। इनमें श्री महावीर कॉलेज, महाराजा कॉलेज, बियानी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजिकल एजुकेशन, श्री भवानी निकेतन पीजी कॉलेज, सेंट जेवियर्स कॉलेज, राजस्थान कॉलेज, एसएस जैन सुबोध कॉलेज, सेंट विल्फ्रेड कॉलेज और अग्रवाल पीजी कॉलेज सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी लोकेश यादव मुख्य अतिथि, राजस्थान विश्वविद्यालय के असिस्टेंट डायरेक्टर (फिजिकल एजुकेशन स्पेशलिस्ट) राजेन्द्र सिंह मेड़तिया विशिष्ट अतिथि तथा विश्वविद्यालय के सुरेन्द्र मीणा पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

मुख्य अतिथि लोकेश यादव ने अपने संबोधन में जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को एकाग्रता और बुद्धि-कौशल का उपयोग कर खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उनके संबोधन से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन हुआ।

प्रतियोगिता का उद्देश्य महाविद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना एवं प्रतिस्पर्धात्मक कौशल का विकास करना है। दो दिवसीय आयोजन में विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद के अध्यक्ष उमरावमल संघी, मानद मंत्री सुनील बख्शी, कोषाध्यक्ष महेश काला, कॉलेज कन्वीनर सीए प्रमोद पाटनी, मुख्य समन्वयक प्रो. राजीव जैन एवं प्राचार्य डॉ. आशीष गुप्ता ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

इसके पश्चात मुख्य अतिथि लोकेश यादव ने मैच कार्यक्रम की घोषणा की।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar