Saturday, November 21, 2026

राजस्थान जैन युवा महासभा की बैठक में सामाजिक गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तय

Oplus_131072

6 दिसंबर को भट्टारक जी की नसियां में होगा दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह

फरवरी 2027 में वैवाहिक परिचय सम्मेलन, वृहद् स्तर पर युवा एवं महिला सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय

जयपुर (शाबाश इंडिया)। जैन युवा एवं महिला संगठनों की प्रदेश स्तरीय पंजीकृत प्रतिनिधि संस्था राजस्थान जैन युवा महासभा, जयपुर द्वारा पिछले 32 वर्षों से धार्मिक गतिविधियों के साथ मानव सेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में महासभा की ओर से रविवार, 6 दिसंबर को भट्टारक जी की नसियां में दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

भगवान महावीर के 2553वें निर्वाण वर्ष के दौरान युवा एवं महिला एकता को मजबूत बनाने के लिए वृहद् स्तर पर युवा एवं महिला सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए फरवरी 2027 में वैवाहिक परिचय सम्मेलन सहित आगामी वर्ष में कई समाजोपयोगी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ये निर्णय सहकार मार्ग स्थित युवा महासभा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित बैठक में लिए गए।

युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन तथा विश्व शांति के प्रतीक णमोकार महामंत्र के तीन बार सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ। परिचय सत्र के बाद प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन एवं जिला अध्यक्ष संजय पाण्डया ने स्वागत उद्बोधन दिया। उन्होंने महासभा द्वारा गत अवधि में किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए सभी जोन को अपने अधीनस्थ युवा एवं महिला संगठनों के माध्यम से जोनवार धार्मिक, सामाजिक एवं मानव सेवा संबंधी गतिविधियां संचालित करने का आह्वान किया। साथ ही संगठन के चुनाव से पूर्व सदस्यता अभियान चलाने पर जोर दिया।

प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जैन एवं प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि 6 दिसंबर को तोतूका सभागार में आयोजित दीपावली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह में समाज सेवा, युवा उत्थान, मानव कल्याण, धर्म प्रभावना एवं जिनवाणी संवर्धन के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली जयपुर की तीन प्रतिष्ठित विभूतियों तथा एक अग्रणी एवं श्रेष्ठ संस्था को सम्मानित किया जाएगा। समारोह में दशलक्षण महापर्व के दौरान मंदिरों में आयोजित धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्रतियोगिता संबंधी कार्यक्रमों तथा सुगंध दशमी पर जैन मंदिरों में सजाई गई झांकियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।

जिला महामंत्री सुभाष बज ने बताया कि युवा एवं महिला एकता को मजबूत बनाने के लिए आगामी वर्ष में वृहद् स्तर पर सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में जयपुर महानगर के 150 से अधिक युवा एवं महिला संगठन, महिला मंडल, जैन सोशल ग्रुप्स, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप्स और संगिनी फोरम सहित विभिन्न संगठनों के सदस्य भाग लेंगे। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी युवाओं एवं महिलाओं की सहभागिता रहेगी। आयोजन में लगभग 1500 लोगों के शामिल होने की संभावना है।

बैठक में सहकार मार्ग स्थित प्रदेश कार्यालय पर जैन सूचना एवं सहायता केंद्र शुरू करने, व्यक्तित्व विकास पाठ्यक्रम आयोजित करने, समाज की ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए सेमिनार कराने तथा इंडोर गेम्स आयोजित करने के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही संगठन के जोन, संभाग, जिला एवं प्रदेश स्तर पर त्रिवार्षिक चुनाव कराने तथा प्रदेश में जिला एवं तहसील स्तर पर नई शाखाओं का गठन करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में मनीष बैद, यशकमल अजमेरा, सीए दिनेश जैन, कमल सरावगी, राजेश बडजात्या, धीरज पाटनी, मुकेश कासलीवाल, तरुण जैन, पंकज लुहाड़िया, अनिल बडजात्या एवं राजकुमार बडजात्या सहित अन्य सदस्यों ने विचार व्यक्त किए और समाजोपयोगी योजनाओं के लिए सुझाव दिए।

बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने किया। इसमें महासभा के सभी पांच संभागों एवं 15 जोनों के पदाधिकारियों, विशिष्ट सदस्यों तथा समाज के विभिन्न युवा एवं महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। अंत में जिला महामंत्री सुभाष बज ने आभार व्यक्त किया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar