
हनुमान टेकरी पर श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव में कई संत-महात्माओं का मिला सानिध्य, तीसरे दिन जड़भरत संवाद और नरसिंह-वामन अवतार के प्रसंगों का हुआ वाचन
भीलवाड़ा (शाबाश इंडिया)। छोटी हरणी स्थित श्री टेकरी के बालाजी काठियाबाबा आश्रम में महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सानिध्य में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव के तीसरे दिन शुक्रवार को वृंदावन के प्रख्यात कथावाचक एवं गौरक्षक आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने व्यासपीठ से कहा कि कलियुग में प्रभु के नाम का सुमिरन मात्र करने से पाप, ताप और संताप मिट जाते हैं तथा जीवन में सुखों की प्राप्ति होती है। राम से बड़ा राम का नाम है, जिसकी महिमा अपरंपार है। हरि नाम लेने के लिए समय का इंतजार नहीं करना चाहिए, क्योंकि व्यक्ति अपनी दौलत का हिसाब तो जानता है, लेकिन उसके पास कितना समय शेष है, यह नहीं जानता। जीवन में एक क्षण का भी भरोसा नहीं है। जिंदगी के अंतिम पलों में न माया काम आती है और न काया। जीवन में खुशहाल और संतोषी बनना है तो ईश्वर और मृत्यु को हमेशा याद रखें तथा उपकार और अपमान को भूल जाएं।
तीसरे दिन की कथा में जड़भरत संवाद, नरसिंह अवतार और वामन अवतार सहित विभिन्न प्रसंगों का वर्णन किया गया। कथा के दौरान कई संत-महात्माओं का सानिध्य भी प्राप्त हुआ।
आचार्य शास्त्री ने कहा कि कलियुग को क्लेश का युग भी कहा जा सकता है, जिसमें भागवत कथा शांति का अनुभव कराती है। जीवन में जो अपना नहीं है, उस पर भी अधिकार जमाने की कोशिश से महाभारत की शुरुआत होती है। दूसरों की संपत्ति पर हक जताने के बजाय अपनी वस्तुओं का भी त्याग करने का भाव आ जाए तो समझना चाहिए कि जीवन में संतोष प्रदान करने वाले भागवत तत्व का प्रवेश हो गया है। उन्होंने कहा कि यह कलियुग का ही प्रभाव है कि लोग माता-पिता की संपत्ति पर अधिकार जताकर उसे पाने के लिए मुकदमे करते हैं, लेकिन उनकी सेवा का अधिकार पाने के लिए कोई आगे नहीं आता।
उन्होंने कुव्यसनों के त्याग की प्रेरणा देते हुए कहा कि नशा परिवार को बर्बाद कर देता है। नशा करना ही है तो प्रभु भक्ति का करें। अपेय पदार्थों का सेवन जीवन के पतन का कारण बनता है। छल-कपट और अनीति से कमाई गई संपत्ति कुछ वर्षों तक भले ही टिक जाए, लेकिन अंततः वह समूल नाश का कारण बनती है।
ध्रुव प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य शास्त्री ने कहा कि मां से मिलने वाले संस्कार और ज्ञान ही जीवन का आधार होते हैं। इन्हीं के आधार पर व्यक्ति के व्यक्तित्व का निर्माण होता है और उसका जीवन आगे बढ़ता है। मां ही बच्चे की प्रथम गुरु होती है और वही उसके जीवन की नींव तैयार करती है।
भागवत कथा के दौरान भजनों की रसधारा भी पंडाल में प्रवाहित होती रही। व्यासपीठ से भजन शुरू होते ही श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमने और थिरकने लगते।
तीसरे दिन की कथा के विश्राम पर व्यासपीठ का पूजन एवं आरती करने वालों में हरिशेवाधाम के महामंडलेश्वर हंसारामजी महाराज, हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदास महाराज, पंचमुखी बालाजी मंदिर रीको के पुजारी मुरारी पांडे, संत गोविंदराम और संत इशानराम सहित अन्य संत-महात्मा शामिल रहे। सभी संतों का कथा सूत्रधार महंत बनवारीशरण काठियाबाबा और व्यासपीठ पर विराजित आचार्य महेंद्र कृष्ण शास्त्री ने स्वागत किया।
व्यासपीठ की आरती कर आशीर्वाद प्राप्त करने वाले श्रद्धालुओं में मनोज भट्ट, एसएस गंभीर, सुभाष चुघ, कमल वैष्णानी, मुकेशकुमार, जतनसिंह, नितिन शर्मा, दिलीप चौधरी, सुजीत सिंह, अविनाश, गोपाल चौधरी, विष्णु काबरा, ममता सोनी, उषा शर्मा और आशा सोनी सहित अनेक श्रद्धालु शामिल थे। कथा श्रवण के लिए छोटी हरणी और भीलवाड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रीमद्भागवत कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक हनुमान टेकरी परिसर में किया जा रहा है। चौथे दिन शनिवार को श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंगों का वाचन होगा। कथा आयोजन के मद्देनजर हरणी महादेव मुख्य मार्ग से हनुमान टेकरी तक विशेष सजावट की गई है।


