Thursday, November 12, 2026

भगवान महावीर का 2553वां निर्वाणोत्सव भक्तिभाव से मनाया, चढ़ाए निर्वाण लाडू

भट्टारक जी की नसियां में उपाध्याय उर्जयन्त सागर महाराज के सान्निध्य में हुआ मुख्य आयोजन, जयकारों से गूंजे शहर के जिनालय

जयपुर (शाबाश इंडिया)। जैन धर्मावलंबियों ने विश्व वंदनीय, जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर का 2553वां निर्वाणोत्सव सोमवार, 9 नवंबर को पूरे विश्व में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया। इस अवसर पर राजस्थान की राजधानी गुलाबी नगरी जयपुर स्थित भट्टारक जी की नसियां में राजस्थान जैन सभा, जयपुर के तत्वावधान में मुख्य आयोजन हुआ। उपाध्याय उर्जयन्त सागर महाराज के सान्निध्य में आयोजित निर्वाण लाडू महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन एवं महामंत्री मनीष बैद के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. विमल कुमार जैन के निर्देशन में भगवान महावीर की अष्टद्रव्य से संगीतमय पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम संयोजक एवं प्रसिद्ध गायक जिनेन्द्र जैन ‘जीतू’ तथा गायिका बबीता जैन ने भक्ति संगीत की प्रस्तुति दी।

निर्वाण काण्ड भाषा के सामूहिक उच्चारण के पश्चात भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर ‘कार्तिक श्याम अमावस शिविर पावापुरी ते वरना…’ का उच्चारण करते हुए जयकारों के बीच निर्वाण लाडू चढ़ाया गया।

सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन एवं उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि महोत्सव में समाजश्रेष्ठी जी.सी. जैन एवं विशल्या देवी जैन ने मुख्य निर्वाण लाडू अर्पित किया। महापौर सुनील कोठारी समारोह गौरव के रूप में शामिल हुए। समाजश्रेष्ठी एवं आर्किटेक्ट रीजनल काउंसिल एशिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुषार सोगानी ने भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। समाजश्रेष्ठी अशोक-शकुन्तला एवं अंकित चांदवाड़ ने उपाध्याय श्री उर्जयन्त सागर महाराज के पाद प्रक्षालन के बाद शास्त्र भेंट किया।

समाजश्रेष्ठी भूपेन्द्र-अनिता ठोलिया, विजय विराट दीवान, अनुराग-कीर्ति पाटनी एवं वैद्यराज फूलचन्द-मनोरमा देवी जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आर्किटेक्ट रीजनल काउंसिल एशिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुषार सोगानी एवं वैद्यराज फूलचन्द जैन को समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सभा की ओर से प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

उपाध्याय उर्जयन्त सागर महाराज ने अपने उद्बोधन में भगवान महावीर के सिद्धांतों एवं शिक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए निर्वाण लाडू उत्सव के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर संसार रूपी जेल से मुक्त हुए थे, इसलिए उनका निर्वाणोत्सव मनाया जाता है। पुण्य पंच परमेष्ठी की आराधना एवं भगवान की भक्ति से प्राप्त होता है।

इससे पूर्व बाल गायिका सौम्या जैन ने ‘महावीर कहो, महावीर सुनो…’ मंगलाचरण प्रस्तुत किया। मुख्य संयोजक अशोक जैन ‘नेता’ ने बताया कि इस आयोजन में दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी की अखंड ज्योति की लौ से भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। संयोजक जिनेन्द्र जैन ‘जीतू’ एवं एडवोकेट राजेश काला के अनुसार, महोत्सव में ‘महावीर’ नाम के श्रावकों को पूजा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।

मंत्री यशकमल अजमेरा ने बताया कि 108 दीपकों से भगवान महावीर की महाआरती के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर सभा अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’, महामंत्री मनीष बैद, मंत्री यशकमल अजमेरा, संयुक्त मंत्री आर.के. जैन ‘रेलवे’, मुख्य संयोजक अशोक जैन ‘नेता’, संयोजक जिनेन्द्र जैन ‘जीतू’, एडवोकेट राजेश काला, कार्यकारिणी सदस्य कमल बाबू जैन, राजीव पाटनी, भानू छाबड़ा, अनिल छाबड़ा, राकेश गोधा, सुभाष बज, राखी जैन, चेतन जैन निमोडिया, दर्शन जैन बाकलीवाल, मनीष सोगानी, भारतभूषण जैन सहित जस्टिस एन.के. जैन, महेश काला, जय कुमार जैन कोटा वाले, वैद्यराज अशोक गोधा, डॉ. पी.सी. जैन सहित अनेक गणमान्य समाजश्रेष्ठी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंच संचालन महामंत्री मनीष बैद ने किया तथा आभार उपाध्यक्ष विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने व्यक्त किया।

250 से अधिक दिगंबर जैन मंदिरों में चढ़ाए गए निर्वाण लाडू

भगवान महावीर के निर्वाण लाडू महोत्सव पर जयपुर शहर के 250 से अधिक दिगंबर जैन मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना एवं निर्वाण लाडू चढ़ाने के आयोजन हुए। विनोद जैन ‘कोटखावदा’ ने बताया कि सोमवार, 9 नवंबर को भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक दिवस एवं 2553वें निर्वाणोत्सव के अवसर पर शहर के विभिन्न जिनालयों में प्रातः अभिषेक एवं शांतिधारा के बाद भगवान महावीर की अष्टद्रव्य से पूजा-अर्चना की गई। पूजा के दौरान निर्वाण काण्ड भाषा के सामूहिक उच्चारण के पश्चात जयकारों के साथ मोक्ष कल्याणक अर्घ्य एवं निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी दीपावली के दूसरे दिन निर्वाण लाडू चढ़ाया गया।

श्री जैन ने बताया कि उत्तर पुराण में आचार्य गुणभद्र (7वीं-8वीं शताब्दी) ने उल्लेख किया है कि 15 अक्टूबर, 527 ईसा पूर्व कार्तिक कृष्ण अमावस्या को स्वाति नक्षत्र के उदय के समय भगवान महावीर ने सुप्रभात की शुभ बेला में अघातिया कर्मों का नाश कर निर्वाण प्राप्त किया था। उस समय दिव्यात्माओं ने महावीर प्रभु की पूजा की और अत्यंत दीप्तिमान प्रदीप-पंक्तियों के प्रकाश से पावापुरी नगरी सुशोभित हुई। सम्राट श्रेणिक सहित अन्य राजाओं ने अपनी प्रजा के साथ निर्वाण उत्सव मनाया। उसी समय से प्रतिवर्ष भगवान महावीर के निर्वाण दिवस को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाते हुए नैवेद्य (लाडू) अर्पित करने की परंपरा चली आ रही है।

उन्होंने बताया कि इसका उल्लेख प्रसिद्ध जैन ग्रंथ हरिवंश पुराण में भी मिलता है। जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के 256 वर्ष और साढ़े तीन माह बाद भगवान महावीर का जन्म हुआ था। 72 वर्ष की आयु के अंत में कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी के अंतिम समय अर्थात अमावस्या की अत्यंत प्रातः बेला में स्वाति नक्षत्र के दौरान उन्होंने मोक्ष प्राप्त किया। उसी समय भगवान महावीर के प्रथम गणधर गौतम स्वामी को केवलज्ञान की प्राप्ति हुई और देवों ने रत्नमयी दीपकों का प्रकाश कर उत्सव मनाया।

संतों के सान्निध्य में विभिन्न मंदिरों में हुए आयोजन

श्री जैन ने बताया कि इस अवसर पर शहर के अनेक मंदिरों में आचार्यों, मुनिराजों एवं आर्यिका माताजी के सान्निध्य में विशेष पूजा-अर्चना कर निर्वाण लाडू चढ़ाए गए। इनमें प्रमुख रूप से—

  • चित्रकूट कॉलोनी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य विशद सागर महाराज ससंघ।
  • जनकपुरी, इमली वाला फाटक स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य आदित्य सागर महाराज ससंघ।
  • निमोडिया के गोलोक धाम में आचार्य प्रज्ञा सागर महाराज ससंघ।
  • पदमपुरा के साधु सेवा तीर्थ में आचार्य शशांक सागर मुनिराज ससंघ।
  • दहमीकला, बगरू में आचार्य नवीन नंदी महाराज।
  • मीरामार्ग स्थित आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में निर्यापक मुनि विलोक सागर एवं मुनि विबोध सागर महाराज।
  • मुहाना मंडी के पार्श्व विहार स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में मुनि विश्व विजय सागर महाराज।
  • पदमपुरा के श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र में मुनि मार्दव नंदी महाराज।
  • सेठी कॉलोनी स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में गणिनी प्रमुख आर्यिका जिन देवी माताजी ससंघ।
  • मानसरोवर के वरुण पथ स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में गणिनी आर्यिका 105 विभा श्री माताजी ससंघ।
  • बीलवा के नांगल्या स्थित विमल परिसर में गणिनी आर्यिका नंगमति माताजी ससंघ।
  • मंगल विहार स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका अर्हं श्री माताजी ससंघ।
  • कमला नेहरू नगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका विष्णु प्रभा माताजी ससंघ।
  • मुरलीपुरा स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका सुकाव्य मति माताजी ससंघ।
  • विवेक विहार स्थित श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका सुविज्ञ मति माताजी ससंघ।

प्राचीन जिनालयों में भी हुए विशेष आयोजन

श्री जैन के अनुसार, गोपालजी का रास्ता स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर कालाडेरा (महावीर स्वामी) में भगवान महावीर स्वामी की अतिशयकारी प्राचीन खड्गासन प्रतिमा के समक्ष प्रातः 6 बजे तथा बाहर की वेदी पर प्रातः 8 बजे निर्वाण लाडू चढ़ाया गया।

इसके अतिरिक्त सांगानेर के श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र मंदिर संघीजी, आगरा रोड स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चूलगिरी, मोती सिंह भोमियो का रास्ता स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर चौबीस महाराज, तारों की कूंट पर सूर्य नगर स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, आचार्यों का रास्ता स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर सिरमोरियान, वैशाली नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर तथा सिद्धार्थ नगर स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर महावीर स्वामी खंडाकान सहित शहर के 250 से अधिक मंदिरों में पूजा-अर्चना एवं निर्वाण लाडू चढ़ाने के विशेष आयोजन हुए।

मंदिरों में निर्वाण काण्ड भाषा का सामूहिक उच्चारण एवं महावीराष्टक स्तोत्र का पाठ किया गया। भगवान महावीर की महाआरती के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ।

विनोद जैन ‘कोटखावदा’
उपाध्यक्ष, राजस्थान जैन सभा, जयपुर

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar