
जयपुर | शाबाश इंडिया।
महावीर पब्लिक स्कूल में बुधवार को प्राथमिक वर्ग (कक्षा 1 से 5) के विद्यार्थियों के लिए बैगलेस डे का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न रचनात्मक, कलात्मक एवं गतिविधि आधारित कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता का परिचय दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग, पारंपरिक अल्पना एवं मांडना कला तथा प्रकृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित वॉल मैगजीन तैयार की। बच्चों ने सहपाठियों के साथ टिफिन साझा कर मित्रता, सहयोग और आपसी सद्भाव का संदेश भी दिया। कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न अंतरसदनीय प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने पूरे उत्साह से भाग लिया।
मिडिल विंग की अंतरसदनीय प्रतियोगिता में थीम आधारित लघु फिल्मों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अभिनय प्रतिभा दिखाई। बुलबुल सदन ने ‘One Day Without Principal’, हंस सदन ने ‘AI: A Blessing or A Challenge’, मयूर सदन ने ‘What If There Were No Books’ और नीलकंठ सदन ने ‘A Day Without Lies’ विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियाँ दीं। विद्यार्थियों ने अभिनय और संवादों के माध्यम से सामाजिक सरोकारों एवं समसामयिक विषयों को रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं लोकनृत्यों की रंगारंग प्रस्तुतियाँ रहीं। विद्यार्थियों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध लोक परंपराओं को मंच पर जीवंत करते हुए ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया।
समग्र आयोजन रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और आनंदमय शिक्षा का सुंदर संगम रहा। इस पहल से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, सहयोग, अभिव्यक्ति कौशल, जीवन मूल्यों और अनुभवात्मक शिक्षण को प्रोत्साहन मिला।


