
जयपुर | शाबाश इंडिया।
दीपावली के पावन अवसर पर खुशियाँ बाँटने और मानवता का संदेश देने की अनूठी पहल करते हुए श्री महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद के तत्वावधान में मानसरोवर स्थित पद्मावती पब्लिक स्कूल ने विशेष चैरिटी ड्राइव शुरू की है। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और बच्चों में सेवा, सहयोग एवं संवेदनशीलता के संस्कार विकसित करना है।
अभियान का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उमरावमल सांघी एवं कोषाध्यक्ष महेश काला ने किया। इसके माध्यम से अभिभावकों से अपील की गई है कि वे जरूरतमंदों की मदद के लिए बच्चों के खिलौने, स्टेशनरी सामग्री, कंबल एवं ऊनी कपड़े दान करें।
एकत्रित सामग्री अपना घर आश्रम में आश्रित एवं जरूरतमंद लोगों तथा राजकीय विद्यालय, वरुण पथ, मानसरोवर के जरूरतमंद विद्यार्थियों तक पहुँचाई जाएगी, ताकि उनके जीवन में भी खुशियों का उजाला फैल सके।
विद्यालय की प्रधानाचार्या हेमलता जैन ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियाँ मनाने का पर्व नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाने का अवसर भी है। विद्यालय का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही दया, करुणा, सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मानवीय मूल्यों का विकास करना है। अपनी खुशियाँ दूसरों के साथ बाँटने से ही त्योहार का वास्तविक आनंद मिलता है।
विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों से इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
संदेश
दीप से दीप जलाते चलो, खुशियों के फूल खिलाते चलो,
अपनी खुशियों में दूसरों को शामिल कर, मानवता का संदेश फैलाते चलो।


