
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम में आयोजित लोकरंग कार्यक्रम के दूसरे दिन राजस्थानी लोक संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। विभिन्न नृत्य समूहों के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसी क्रम में सब रंग संस्था के कलाकारों ने चिरमी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर राजस्थानी लोक परंपरा की सुंदर झलक पेश की।
संस्था की ओर से प्रस्तुत ‘एक बार आओ जी जमाई जी पावणा’ नृत्य दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने जैसे ही अपनी प्रस्तुति शुरू की, पूरा शिल्पग्राम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। कलाकारों की शानदार भाव-भंगिमाओं, आकर्षक नृत्य शैली और पारंपरिक लोक संस्कृति की जीवंत झलक ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
नृत्य गुरु डॉ. राजेंद्र राव एवं अभिलाषा जैन के निर्देशन में कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रस्तुति में रमेश चौहान, सलीम अहमद, कमल राणा, खुशी सिंह और शाहिद सहित अनेक कलाकारों ने भाग लिया। वहीं वंदना तंवर, संजना पवार सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
लोकरंग के मंच पर सब रंग संस्था की प्रस्तुतियों ने राजस्थानी लोक नृत्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत कर दिया। कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने दर्शकों में लोक संस्कृति के प्रति उत्साह और उमंग का संचार किया।


