
जयपुर | शाबाश इंडिया।
एस.एस. जैन सुबोध पी.जी. महाविद्यालय (स्वायत्त), जयपुर के लिए गौरव की बात है कि महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के दो स्वयंसेवकों गौरांग टांक एवं अमन मीणा का कर्नाटक के मैसूर में आयोजित होने वाले वंदे मातरम् शिविर के लिए चयन हुआ है।
यह शिविर युवाओं में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें प्रतिभागियों को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) रेणु जोशी ने दोनों स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों स्वयंसेवक शिविर में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से महाविद्यालय और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य डॉ. विकास बैराठी तथा एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों डॉ. अनंत विजया सोनी, डॉ. विशाल गौतम, डॉ. मुकेश शर्मा एवं डॉ. राकेश धाभाई ने भी दोनों स्वयंसेवकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।


