Wednesday, October 7, 2026

नन्हे कंधों पर बड़े रिकॉर्ड का भार, छह साल के विराज शर्मा ने उठाया 47 किलो

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

जिस उम्र में बच्चे खिलौनों और खेलकूद की दुनिया में मस्त रहते हैं, उसी उम्र में उदयपुर के छह वर्षीय विराज शर्मा ने अपनी असाधारण ताकत और प्रतिभा से वेटलिफ्टिंग एवं पावर लिफ्टिंग के क्षेत्र में पहचान बनाई है। महज साढ़े 17 किलोग्राम वजन वाले विराज ने 47 किलोग्राम भार उठाकर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। यह भार उसके अपने शरीर के वजन से ढाई गुना से भी अधिक है।

हिरणमगरी सेक्टर-4 स्थित होटल व्रजराज पैलेस में आयोजित पत्रकार वार्ता में विराज के पिता वैभव शर्मा ने बताया कि विराज ने 5 वर्ष 11 माह की उम्र में नेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना पहला रिकॉर्ड दर्ज कराया था। इसके बाद उसकी उपलब्धियों का सिलसिला जारी रहा। उसने इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित विभिन्न संस्थाओं से सात सम्मान हासिल किए हैं। उसे वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया पुरस्कार भी मिल चुका है।

विराज की उपलब्धि इसलिए भी खास है कि उसने लगातार अपने ही रिकॉर्ड को बेहतर किया। उसने शुरुआत में 35 किलोग्राम भार उठाया, इसके बाद 42 किलोग्राम और अब 47 किलोग्राम भार उठाकर नई उपलब्धि हासिल की है। वर्तमान में वह लवकुश इंडोर स्टेडियम की व्यायामशाला में कनिष्ठ प्रशिक्षक ओमप्रकाश पटेल के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहा है।

पिता वैभव शर्मा के अनुसार इंटरनेशनल बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से विराज को वेटलिफ्टिंग एवं पावर लिफ्टिंग में सबसे कम उम्र के बालक के रूप में सम्मानित किया गया है। उसे ‘सुपर टैलेंटेड किड—वन इन ए मिलियन’ सम्मान मिलने की जानकारी भी दी गई।

सेंट पॉल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एचकेजी के छात्र विराज की प्रतिभा की पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया भी सराहना कर चुके हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी उसे जयपुर आमंत्रित किया है। आगामी वर्ष नई दिल्ली में प्रस्तावित खेलो इंडिया आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष उसके प्रदर्शन की संभावना भी जताई गई।

पत्रकार वार्ता में नरेंद्र पालीवाल, कमलेश शर्मा, अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर माला सुखवाल, रामलाल खंडेलवाल, कोच ओमप्रकाश पटेल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar