
जयपुर | शाबाश इंडिया।
गायत्री नगर, महारानी फार्म स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक आयोजित 48 दिवसीय भक्तामर पाठ का नौवां वर्ष पूर्ण होने पर 3 अक्टूबर को भव्य भक्तामर विधान एवं समापन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। प्रातः 9 बजे से आयोजित विधान का संचालन विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री के निर्देशन में हुआ।
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, संतोष गंगवाल, राकेश पाटोदी सहित समिति के सदस्यों ने विधानाचार्य पं. अजित शास्त्री का सम्मान किया। विधान के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ ऋद्धि मंत्रों का उच्चारण किया तथा अर्घ्य एवं दीप अर्चना की।
अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि पं. अजित शास्त्री ने भक्तामर स्तोत्र की रचना से जुड़ा प्रसंग सुनाते हुए बताया कि आचार्य मांगतुंग जी ने एक-एक श्लोक की रचना कर जिनेंद्र देव की भक्ति की और प्रत्येक श्लोक के साथ बंधन के एक-एक ताले खुलते गए। इस प्रसंग ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिभाव से भर दिया।
कार्यक्रम संयोजक अनीता बड़जात्या के अनुसार भक्तामर विधान मंडल पर पुण्यार्जक परिवारों लता सोगानी, विमला पापड़ीवाल, राजेश-चैताली वोहरा, सरोज बड़जात्या तथा अनिल-प्रतिभा जैन ने महामंडल पर कलश स्थापित कर दीप प्रज्ज्वलित किया।
संयोजिका श्रीमती विमला जैन, डॉ. अनीता वैद एवं ज्योति जैन ने बताया कि इस अनुष्ठान में मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह एवं उनकी टीम सहित संपूर्ण जैन समाज का पूर्ण सहयोग रहा। भक्तामर पाठ के दौरान 5, 10-11, 17, 30 एवं 48 दिनों के पुण्यार्जक परिवारों ने सहभागी बनकर पुण्यार्जन किया।
समापन अवसर पर उदयभान जैन, आलोक चौकड़ायत, सुबोध लुहाड़िया, राकेश पाटोदी, पारस जैन, पुष्पेंद्र जैन, आलोक-प्रमिला शाह, राखी पाटनी, रश्मि तोतूका सहित समाज के गणमान्य महानुभाव, महिला समूह, महिला मंडल की महिलाएं, पुरुष, बालक एवं बालिकाएं उपस्थित रहे। सभी ने भक्तिभाव के साथ आयोजन में सहभागिता की।
48 दिवसीय भक्तामर पाठ का प्रतिदिन संचालन अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैन युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या द्वारा किया गया। आयोजन के समापन पर संयोजकों ने प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं तथा मंदिर प्रबंध समिति का आभार व्यक्त किया।


