
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
प्रवासी अग्रवाल समाज समिति, उदयपुर की ओर से भगवान श्री अग्रसेन महाराज की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित अग्रसेन महोत्सव में रविवार को विभिन्न प्रतियोगिताओं में समाज की प्रतिभाओं ने जमकर हुनर दिखाया। कहीं कैरम की गोटियों पर निशाना साधा गया तो कहीं शतरंज की बिसात पर अगली चाल को लेकर माथापच्ची होती रही। बच्चों ने कविता के जरिए अपनी अभिव्यक्ति दी, वहीं नई पीढ़ी ने डिजिटल कार्टून और रील निर्माण में रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। युवाओं के अभिनव व्यावसायिक विचारों ने ‘अग्रसेन स्टार्टअप’ प्रतियोगिता को भी खास आकर्षण बनाया।
सार्वजनिक अग्रवाल धर्मशाला, पारस तिराहा, हिरण मगरी सेक्टर-11 में सुबह 9 बजे से शुरू हुई प्रतियोगिताओं में बच्चों से लेकर वरिष्ठजनों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाज अध्यक्ष शशिकांत खेतान ने बताया कि युवा मंडल की कैरम प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में समर्थ गुप्ता प्रथम, विवान तायल द्वितीय और शिवांग तायल तृतीय रहे। वरिष्ठ वर्ग में अनिल प्रीति ने प्रथम, परविंदर गुप्ता ने द्वितीय और शोभित तायल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. अग्रवाल के अनुसार शतरंज प्रतियोगिता में देवांश खेतान प्रथम, निर्गुण गुप्ता द्वितीय और विवान तायल तृतीय रहे। हिंदी कविता प्रतियोगिता के कक्षा 2 से 5 वर्ग में दर्शील अग्रवाल प्रथम तथा चाहना ईरान द्वितीय रहीं। कक्षा 6 से 8 वर्ग में देवांश अग्रवाल ने प्रथम और समर्थ गुप्ता ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
महोत्सव में इस बार डिजिटल प्रतिभाओं को भी मंच दिया गया। पहली बार आयोजित डिजिटल कार्टून एवं रील निर्माण प्रतियोगिता के कक्षा 1 से 5 वर्ग में विवाह अग्रवाल प्रथम और दर्शील अग्रवाल द्वितीय रहे। कक्षा 6 से 8 वर्ग में रिद्धिमा अग्रवाल ने प्रथम तथा कक्षा 9 से 12 वर्ग में ऋषभ अग्रवाल प्रथम और ऋषिका अग्रवाल द्वितीय रहीं।
सांस्कृतिक सचिव अजय गुप्ता ने बताया कि ‘अग्रसेन स्टार्टअप’ प्रतियोगिता में आस्था बंसल एवं नलिन बंसल की टीम ने प्रथम और अनन्य गुप्ता की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। समाज सचिव राजेश अग्रवाल के अनुसार महोत्सव में 300 से अधिक समाजजनों ने भागीदारी की।
महिला समिति अध्यक्ष रमा मित्तल ने बताया कि विवाहित महिलाओं के लिए सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। भोजन प्रसाद के बाद बंपर हाउजी ने आयोजन में मनोरंजन का रंग भर दिया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष एच.पी. जिंदल, कार्यकारिणी सदस्य एवं संरक्षकगण मौजूद रहे। पूरे दिन प्रतियोगिताओं, रचनात्मक गतिविधियों और आपसी मेल-जोल से महोत्सव का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।
रिपोर्ट : राकेश शर्मा ‘राजदीप’


