
जयपुर | शाबाश इंडिया।
मानसरोवर स्थित फॉर्च्यून पैलेस के श्री 1008 चंद्रप्रभ दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में जैन पाठशाला के शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह का आयोजन शुक्रवार शाम कम्युनिटी हॉल में किया गया। पाठशाला के शुभारंभ को लेकर बच्चों एवं अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
समारोह में अखिल भारतवर्षीय धर्म जागृति संस्थान, प्रांत राजस्थान के प्रांतीय अध्यक्ष समाज गौरव पदम जैन बिलाला मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता रहे, जबकि श्रमण संस्कृति संस्थान, सांगानेर के पाठशाला प्रभारी विद्वान प्रदीप जैन शास्त्री मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने बच्चों को धर्म, संस्कार एवं संस्कृति से जोड़ने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए धार्मिक संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पाठशाला का उद्देश्य बच्चों में जैन धर्म एवं जिनशासन के प्रति श्रद्धा, संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा महिलाओं एवं बालकों द्वारा मंगलाचरण के साथ हुआ। धर्म जागृति संस्थान के कोषाध्यक्ष पंकज लुहाड़िया ने बच्चों एवं अभिभावकों को पाठशाला से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि आचार्य श्री वसुनंदी जी महामुनिराज के वर्षवर्धन के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस पाठशाला का संचालन फिलहाल सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। इसमें बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ जैन संस्कारों एवं जीवन मूल्यों की जानकारी दी जाएगी।
पाठशाला के सुचारु संचालन के लिए फॉर्च्यून पैलेस के अमित बैनाडा एवं टीना जैन को संयोजक बनाया गया है। वहीं प्रीति बैनाडा, शिवानी जैन, निकिता लुहाड़िया एवं मीनू जैन को शिक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई।
आयोजकों की ओर से संस्थान के महेश काला, सुरेंद्र काला तथा मंदिर महासंघ के विपिन बज, विपिन गोधा सहित अन्य सहयोगियों का सम्मान किया गया। अतिथियों ने बच्चों को पाठशाला किट एवं उपहार भी प्रदान किए।
जिनवाणी स्तुति एवं कायोत्सर्ग के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान फॉर्च्यून पैलेस के साथ आसपास के क्षेत्रों से आए अभिभावकों एवं बच्चों में जैन पाठशाला के शुभारंभ को लेकर उत्साह नजर आया।


