
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
मजबूत व्यावसायिक नेटवर्क, ग्राहकों के भरोसे और लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर उदयपुर की तेज़ इंडस्ट्रीज़ ने स्टील कारोबार के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। जेएसडब्ल्यू स्टील कोटेड प्रोडक्ट्स लिमिटेड ने वर्ष 2025-26 के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तेज़ इंडस्ट्रीज़ को एक ही मंच पर दो प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया।
जयपुर स्थित ताज देवी रत्न रिजॉर्ट एंड स्पा में आयोजित जेएसडब्ल्यू स्टील के वितरक सम्मेलन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े वितरकों और कंपनी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तेज़ इंडस्ट्रीज़ को पश्चिम-1 क्षेत्र में उल्लेखनीय व्यावसायिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कंपनी को बीजीएल श्रेणी में सर्वाधिक मात्रा में उत्पाद उठाव के लिए ‘चैंपियन ऑफ चैंपियंस–स्वर्ण’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसी अवसर पर लंबे समय से चली आ रही मजबूत व्यावसायिक साझेदारी और निरंतर प्रदर्शन के लिए तेज़ इंडस्ट्रीज़ को ‘क्षितिज उत्कृष्टता सम्मान–निरंतर साझेदार, पश्चिम-1’ से भी नवाजा गया। एक ही वित्तीय वर्ष में मिले इन दोनों सम्मानों ने कंपनी की बाजार में मजबूत उपस्थिति और जेएसडब्ल्यू स्टील के साथ उसके दीर्घकालिक कारोबारी संबंधों को नई पहचान दी।
तेज़ इंडस्ट्रीज़ की ओर से संस्थापक मनोहर तेजवानी और शंकर तेजवानी ने दोनों सम्मान ग्रहण किए। समारोह में जेएसडब्ल्यू स्टील के क्षेत्रीय शाखा प्रबंधक संदीप खन्ना, फिरोज खान, सनी बकोलिया सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी एवं वितरक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
तेज़ इंडस्ट्रीज़ वर्तमान में उदयपुर के साथ राजसमंद, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर जिलों में जेएसडब्ल्यू स्टील के अधिकृत वितरक के रूप में कार्य कर रही है। इन क्षेत्रों में कंपनी ने व्यवस्थित वितरण तंत्र और बेहतर सेवा के माध्यम से अपनी मजबूत कारोबारी पहचान बनाई है।
कंपनी के निदेशक नरेन तेजवानी ने उपलब्धि पर कहा कि दोहरे सम्मान से पूरी टीम का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने इसका श्रेय ग्राहकों के विश्वास, डीलर्स एवं व्यावसायिक साझेदारों के सहयोग तथा कर्मचारियों की निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि संस्थापक मनोहर तेजवानी के मार्गदर्शन में कंपनी ने गुणवत्ता, समयबद्ध सेवा और विश्वसनीयता को हमेशा प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि ये पुरस्कार केवल बिक्री के आंकड़ों की उपलब्धि नहीं, बल्कि वर्षों में बने भरोसे और मजबूत व्यावसायिक संबंधों की स्वीकृति भी हैं। तेज़ इंडस्ट्रीज़ भविष्य में भी बेहतर सेवा और निरंतर प्रगति के साथ अपने कारोबार का विस्तार करते हुए नए मानक स्थापित करने की दिशा में काम करती रहेगी।
रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’


