Thursday, October 1, 2026

उम्र नहीं, ऊर्जा को मिलेगी नई दिशा; ‘वाइब्रेंट वॉरियर रिट्रीट’ में खुद से जुड़ने का मौका

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

जिंदगी की तेज रफ्तार में अक्सर इंसान दूसरों की जिम्मेदारियां निभाते-निभाते खुद से दूर होता चला जाता है। काम का दबाव, पारिवारिक जिम्मेदारियां और बदलती जीवनशैली शरीर के साथ मन और भावनाओं को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे में कुछ पल ठहरकर खुद को समझने, स्वास्थ्य को नए नजरिए से देखने और जीवन में नई ऊर्जा भरने का अवसर देगा ‘वाइब्रेंट वॉरियर रिट्रीट-2026’।

वाइब्रेंट फिजियोथेरेपी फिटनेस डाइट क्लिनिक, उदयपुर की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. विनिता बाघेला की पहल पर तीन दिवसीय रिट्रीट का आयोजन 2 से 4 अक्टूबर तक देबारी स्थित शक्तिविलास रिसोर्ट में किया जाएगा। आयोजन की थीम ‘उड़ान—हम मिलकर फिर से एक उड़ान भरेंगे’ रखी गई है।

डॉ. बाघेला के अनुसार रिट्रीट को महज छुट्टी या मनोरंजन तक सीमित नहीं रखा गया है। इसका उद्देश्य प्रतिभागियों को उनके शरीर, मन, भावनाओं, सामाजिक रिश्तों और आध्यात्मिक चेतना से दोबारा जोड़ना है। आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ कतर, दुबई, अमेरिका और कनाडा सहित विदेशों से भी प्रतिभागियों के पहुंचने की संभावना है। कुल मिलाकर 100 से अधिक लोग इस अनुभव का हिस्सा बनेंगे।

विशेष रूप से 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग को केंद्र में रखते हुए तैयार किए गए इस कार्यक्रम में तीन दिनों तक शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के पांच आयामों पर विभिन्न गतिविधियां एवं आत्ममंथन सत्र आयोजित होंगे। प्रतिभागी अपनी जीवनशैली, दिनचर्या, स्वास्थ्य संबंधी आदतों और आने वाले वर्षों की प्राथमिकताओं को नए सिरे से समझने का प्रयास करेंगे।

डॉ. बाघेला का कहना है कि स्वस्थ होने का अर्थ केवल बीमारी से दूर रहना नहीं, बल्कि जीवन के विभिन्न पहलुओं में संतुलन महसूस करना भी है। 45 या 50 वर्ष की उम्र जीवन की रफ्तार धीमी होने का संकेत नहीं, बल्कि स्वयं को नई प्राथमिकता देने और जीवन को नए उत्साह के साथ देखने का अवसर हो सकती है।

रिट्रीट के अंतिम दिन प्रतिभागियों के लिए नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर के दर्शन का कार्यक्रम भी रखा गया है। आयोजकों के अनुसार ‘उड़ान’ का संदेश यही है कि व्यक्ति स्वयं को पहचानते हुए नई ऊर्जा, विश्वास और उद्देश्य के साथ जीवन की अगली पारी की ओर आगे बढ़े।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar