Wednesday, September 30, 2026

सेवा से संवेदना तक, NSS स्वयंसेवकों ने आशाधाम आश्रम में बांटी जरूरत की सामग्री

उदयपुर | शाबाश इंडिया।

सामाजिक सरोकार और सेवा भावना को व्यवहार में उतारते हुए पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, साई तिरुपति विश्वविद्यालय, उमरड़ा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की ओर से बुधवार को आशाधाम आश्रम, उदयपुर में दान एवं सहयोग अभियान आयोजित किया गया। यह अभियान NSS के सात दिवसीय विशेष शिविर के तहत सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुआ।

अभियान के दौरान NSS स्वयंसेवकों ने आश्रम में रह रहे जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कपड़े, जूते-चप्पल, बैग सहित दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्री एकत्रित कर आश्रम प्रबंधन को भेंट की। स्वयंसेवकों ने सामग्री को व्यवस्थित रूप से वर्गीकृत कर सौंपा, ताकि जरूरत के अनुसार उसका वितरण किया जा सके।

कार्यक्रम का उद्देश्य केवल उपयोगी वस्तुओं का दान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में समाज के प्रति संवेदनशीलता, सेवा, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी रहा। स्वयंसेवकों ने कहा कि समाज में उपलब्ध उपयोगी संसाधनों को जरूरतमंद लोगों के साथ साझा कर छोटे-छोटे प्रयासों से भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

दान अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने आश्रम की व्यवस्थाओं और वहां रह रहे लोगों की जरूरतों को भी समझा। इस अनुभव के माध्यम से स्वयंसेवकों को समाज के उन वर्गों के जीवन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ने का अवसर मिला, जिन्हें सहयोग और संवेदना की आवश्यकता है।

आशाधाम आश्रम प्रबंधन ने पैसिफिक इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, साई तिरुपति विश्वविद्यालय और NSS टीम के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए दान की गई सामग्री के लिए आभार व्यक्त किया।

आयोजन ने युवाओं को यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का उद्देश्य केवल गतिविधियों में भाग लेना नहीं, बल्कि समाज की जरूरतों को समझते हुए सेवा और संवेदना को जीवन-मूल्य के रूप में अपनाना भी है।

रिपोर्ट: राकेश शर्मा ‘राजदीप’ / फोटो: दीपक तेली

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar