Saturday, September 26, 2026

‘म्हाके नसिया आज आई देखो मंगल घड़ी’, आदिनाथ भगवान की भजन संध्या में भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

अजमेर | शाबाश इंडिया।

श्री दिगंबर जैन बीस पंथी नागौरी आम्नाय पंचायत छोटा धड़ा की नसियां जी स्थित अतिशयकारी जैन मंदिर प्रांगण में चतुर्थकालीन 1008 श्री आदिनाथ भगवान के दरबार में ‘एक शाम आदिनाथ भगवान के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन भक्तिभाव एवं श्रद्धा के साथ किया गया। वर्षभर प्रतीक्षित इस भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रभु भक्ति का आनंद लिया।

भारतवर्ष की प्रसिद्ध श्री दिगंबर जैन संगीत मंडल की टीम के जैन भजन गायकों विमल गंगवाल, संजय पहाड़िया, सुभाष पाटनी, सुशील दोषी, धनकुमार जैन, वीरेंद्र जैन एवं अंकित पाटनी ने एक से बढ़कर एक भक्तिमय भजनों की प्रस्तुतियां दीं।

भजन गायकों ने ‘हर क्षण हर पल हर दम आशीष रहे तेरा’, ‘ऋषभ नाथ करते हैं तुमको नमन’, ‘करता हूं तुम्हारा सुमिरन उद्धार करो जी’, ‘बाबा तेरे चरणों की गर धूल जो मिल जाए’, ‘मनहर तेरी मूरतिया मस्त हुआ मन मेरा’, ‘प्रभु हम सबका एक तू ही तारण हारा है’, ‘म्हारा आदिश्वर की सुंदर मूरत म्हारे मन भायी जी’, ‘श्री आदिनाथ जिन राजा थारी नसियां बाजा बाजे रे’, ‘आदि बाबा बोल थारो काई बिगड़े’ तथा ‘म्हाके नसिया आई देखो मंगल घड़ी’ सहित अनेक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर भक्ति नृत्य करने लगे और पूरा मंदिर परिसर आदिनाथ भगवान की भक्ति से गुंजायमान हो उठा।

पंचायत मंत्री नितिन दोषी एवं मैनेजर मनोज गोधा ने बताया कि भजन संध्या के पुण्यार्जक अतुल पाटनी एवं मधु पाटनी परिवार रहे। पाटनी परिवार की ओर से पिछले 15 वर्षों से प्रत्येक वर्ष पर्युषण पर्व की भादवा सुदी तेरस को नसियां जी में सायंकालीन आरती के बाद भजनों का यह आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम में छोटा धड़ा पंचायत के सदस्यगण, श्री दिगंबर जैन महासमिति अजमेर संभाग, श्री दिगंबर जैन महासमिति महिला एवं युवा महिला संभाग अजमेर सहित अजमेर के बड़ी संख्या में जैन धर्मावलंबियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर श्रेष्ठ भक्ति नृत्य प्रस्तुत करने वाले बाबा के भक्तों को पाटनी परिवार की ओर से पारितोषिक देकर सम्मानित किया गया। श्री दिगंबर जैन युवा महिला संभाग की अध्यक्ष सोनिका भैंसा एवं मंत्री सुषमा पाटनी द्वारा पाटनी दंपति का सम्मान भी कराया गया।

पंचायत अध्यक्ष दिनेश पाटनी ने बताया कि पर्वाधिराज पर्युषण पर्व के धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ चल रहे हैं। इन आयोजनों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। पर्युषण पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु बाबा आदिनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए नसियां जी पहुंच रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar