
भक्तिभाव से चढ़ाया निर्वाण लाडू, 108 दीपकों से हुई महाआरती; भव्य दीपोत्सव में गूंजे जयकारे
काठमांडू (शाबाश इंडिया)। काठमांडू स्थित श्री 1008 आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर एवं वर्तमान शासन नायक भगवान महावीर स्वामी का 2553वाँ निर्वाण दिवस 9 नवंबर 2026 को बड़े ही उमंग, उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर कमेटी के तत्वावधान में भगवान को निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।
श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर कमेटी के अध्यक्ष सुभाष जैन सेठी ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल श्रीजी के कलशाभिषेक, शांतिधारा और सामूहिक भक्तिमय पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात समस्त समाजजनों ने भक्ति भाव और जयकारों के बीच सामूहिक रूप से भगवान महावीर स्वामी को निर्वाण लाडू अर्पित किया।
सायंकाल मंदिर में 108 दीपकों से सामूहिक महाआरती की गई। श्रद्धालुओं ने दीप अर्पित कर भव्य दीपोत्सव मनाया। इस अवसर पर पूरे मंदिर परिसर को विशेष रोशनी से सजाकर प्रकाशमय किया गया।
अध्यक्ष सुभाष जैन सेठी ने बताया कि इस पावन अवसर पर भगवान महावीर स्वामी के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। महोत्सव में संपूर्ण जैन समाज के साथ मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभी धार्मिक कार्यक्रम उमंग, उत्साह और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुए।


