
निर्वाण लाडू अर्पण के साथ दीपावली स्नेह मिलन समारोह का हुआ भव्य आयोजन
ब्यावर (शाबाश इंडिया)। अजमेर रोड स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का पावन निर्वाण महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन-विधान पंडित घनश्याम जी शास्त्री के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इसके पश्चात भगवान के चरणों में निर्वाण लाडू अर्पित कर श्रद्धालुओं ने पुण्यलाभ अर्जित किया।
सकल जैन समाज के प्रवक्ता अमित गोधा ने बताया कि देवाधिदेव 1008 भगवान महावीर के मोक्ष कल्याणक महापर्व के पावन अवसर पर अभिषेक, शांतिधारा एवं निर्वाण मोदक अर्पण का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निर्वाण मोदक अर्पित करने का पुण्यलाभ श्रेष्ठी राजेंद्र जी-नीलम जी, राकेश जी-मनीषा जी, अमित जी-प्रीति जी, अखिलेश जी-हीना जी, अतिशय जी-दिविता जी, विधि जी एवं अक्षिता जी जैन गोधा परिवार तथा श्रेष्ठी विनोद जी-मधु जी, अमित जी-जागृति जी, प्रशांत जी, प्राप्ति जी एवं आखी जी जैन परिवार को प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम के दौरान दीपावली स्नेह मिलन समारोह का भी भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की मंगलकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।
पार्श्वनाथ मंदिर के अध्यक्ष संजय रावका एवं मंत्री संजय गंगवाल ने बताया कि समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संपूर्ण मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, धार्मिक उल्लास एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।
इस पावन आयोजन ने समाज में धर्म, संस्कृति, एकता एवं पारस्परिक सद्भाव की भावना को और अधिक मजबूत किया। श्री 1008 पार्श्वनाथ मंदिर, अजमेर रोड परिवार की ओर से सभी धर्मप्रेमी बंधुओं एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी को मंगलमय दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं।


