
जयपुर | शाबाश इंडिया।
राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में रविवार, 4 अक्टूबर को प्रातः 8.15 बजे टोंक रोड स्थित कमल एंड कंपनी परिसर में सकल दिगम्बर जैन समाज का सामूहिक क्षमावाणी समारोह आयोजित किया जाएगा। जयपुर में चातुर्मासरत दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताजी के सानिध्य में होने वाले समारोह में दस दिन एवं उससे अधिक दिनों के उपवास करने वाले त्यागी व्रतियों का अभिनंदन किया जाएगा।
समारोह के सानिध्य के लिए राजस्थान जैन सभा के पदाधिकारियों ने जयपुर में चातुर्मासरत दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताजी को श्रीफल भेंट कर कार्यक्रम में पधारने का निवेदन किया। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, उपाध्यक्ष विनोद जैन कोटखावदा, महामंत्री मनीष बैद एवं कार्यकारिणी सदस्य शैलेन्द्र गोधा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा के अध्यक्ष सुभाष चंद जैन एवं महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि समारोह से पूर्व प्रातः 7 बजे कीर्ति नगर दिगम्बर जैन मंदिर से दस दिन या उससे अधिक दिनों के उपवास करने वाले त्यागी व्रतियों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। बैंड-बाजों के साथ बग्घियों में सवार त्यागी व्रती कीर्ति नगर से टोंक रोड स्थित आयोजन स्थल तक पहुंचेंगे।
कमल एंड कंपनी परिसर में दिगम्बर जैन संतों एवं आर्यिका माताजी के सानिध्य में धर्मसभा एवं सामूहिक क्षमावाणी समारोह होगा। सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन ने बताया कि समारोह के लिए अशोक जैन नेता को मुख्य समन्वयक एवं विनोद जैन कोटखावदा को मुख्य संयोजक बनाया गया है। आयोजन को लेकर विभिन्न समितियों का भी गठन किया गया है।
समारोह में राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। राजस्थान जैन सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि सामूहिक क्षमावाणी समारोह का उद्देश्य समाज में परस्पर मैत्री, सौहार्द एवं क्षमाभाव को मजबूत करना है।
विनोद जैन कोटखावदा
उपाध्यक्ष, राजस्थान जैन सभा जयपुर


