
जयपुर | शाबाश इंडिया।
श्री दिगंबर जैन मंदिर प्रबंध समिति, गायत्री नगर के तत्वावधान में 19 अगस्त को 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ जी का मोक्ष कल्याणक महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6:15 बजे प्रथम अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। शांतिधारा करने का सौभाग्य सौधर्म इंद्र बनकर अशोक-मनीष बड़जात्या परिवार को प्राप्त हुआ।

मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि गायत्री नगर में प्रत्येक तीर्थंकर का मोक्ष कल्याणक श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है। इसी श्रृंखला में भगवान पार्श्वनाथ जी के मोक्ष कल्याणक के अवसर पर सौधर्म इंद्र परिवार द्वारा सामूहिक रूप से निर्वाण लाडू अर्पित किया गया।
युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि निर्वाण लाडू अर्पण के पश्चात उपस्थित श्रेष्ठियों, समाज के गणमान्य नागरिकों तथा महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती की। इस अवसर पर कल्याण मंदिर स्तोत्र विधान भी कराया गया, जिसमें उपवास कर रही बच्चियों ने भक्तिभाव से विधान पूजा की। इन बच्चियों ने शाम को सामूहिक आरती, स्वाध्याय एवं 48 दिवसीय भक्तामर पाठ में भी सहभागिता की और दीप प्रज्ज्वलित किए।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सौधर्म इंद्र परिवार का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया गया। साथ ही वर्ष 1999 से अब तक मंदिर प्रबंध समितियों के अध्यक्ष रहे पदाधिकारियों का सम्मान किया गया।
समस्त मांगलिक क्रियाएं विधानाचार्य पं. अजीत जी शास्त्री द्वारा विधिवत संपन्न कराई गईं।
मंदिर प्रबंध समिति ने युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन बड़जात्या के जन्मदिन के अवसर पर उनके उल्लेखनीय सामाजिक एवं धार्मिक कार्यों की सराहना करते हुए तिलक, माला, दुपट्टा एवं पगड़ी पहनाकर हार्दिक अभिनंदन किया।
इसके पश्चात पूर्व एवं वर्तमान मंदिर प्रबंध समिति के पदाधिकारियों तथा समाज के गणमान्य महानुभावों की मौजूदगी में बैंड-बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के रूप में मंदिर के पास नवीन क्रय किए गए भवन का लोकार्पण किया गया।
मोक्ष कल्याणक महोत्सव में उपाध्यक्ष विजय सोगानी, वरिष्ठ एडवोकेट विमल जैन, पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, मंत्री राजेश बोहरा, संयुक्त मंत्री संजय ठोलिया, कोषाध्यक्ष राकेश छाबड़ा, सारसमल पदम झांझरी, राकेश पाटोदी, बसंत बाकलीवाल, संतोष गंगवाल, उदयभान जैन, अनिल टोंग्या, राजेंद्र सोगानी, दीपेश छाबड़ा, संतोष वांसकोवाले, अशोक रावका, अशोक मालपुरा वाले, निर्मल-अनिल गदिया, धूपचंद शाह सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु एवं महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान पार्श्वनाथ के समक्ष निर्वाण लाडू अर्पित किए और शोभायात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का संचालन एवं उपस्थित सभी श्रद्धालुओं तथा समाजबंधुओं का आभार मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने व्यक्त किया।
प्रेषक : उदयभान जैन, जयपुर


