
उदयपुर | शाबाश इंडिया।
विकसित उदयपुर की संभावनाओं, नई तकनीकों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जीवंत तस्वीर होटल योइस में आयोजित तीन दिवसीय मेगा जन-जागरूकता प्रदर्शनी ‘उज्ज्वल राजस्थान 3.0’ में देखने को मिल रही है। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित यह प्रदर्शनी 20 से 22 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए निःशुल्क खुली रहेगी।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रजनी पी. रावत, सामाजिक कार्यकर्ता एवं महामंत्री, वनांचल शिक्षा समिति, उदयपुर सहित उपस्थित अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर निधि त्रिवेणी, इकोसिस्टम एंगेजमेंट मैनेजर, भाषिणी; डॉ. हरि शंकर श्रीवास्तव, वैज्ञानिक-जी एवं ग्रुप हेड, पीपीईजी, भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान, इसरो देहरादून; रवि कुमार नेगी, डिविजनल मैनेजर, बैंकिंग, एलआईसी तथा अल्पेश मधाद, प्रोजेक्ट हेड, गुजरात इंफॉर्मेटिक्स लिमिटेड उपस्थित रहे।
‘फ्यूचर ऑफ उदयपुर’ को प्रदर्शनी की केंद्रीय थीम बनाया गया है। इसके माध्यम से शहर के आधारभूत ढांचे, पर्यटन, औद्योगिक विस्तार, पर्यावरणीय स्थिरता, शिक्षा, तकनीक और सामाजिक-आर्थिक विकास की भावी दिशा को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से ‘विकसित राजस्थान’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में उदयपुर की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया है।
केंद्र एवं राज्य सरकार के विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, शोध संस्थानों, शैक्षणिक संगठनों और वित्तीय संस्थाओं की भागीदारी ने इस आयोजन को उपयोगी संवाद मंच बना दिया है। इंटरैक्टिव डिस्प्ले, लाइव डेमोंस्ट्रेशन और विशेषज्ञों से सीधे संवाद के माध्यम से आगंतुकों को सरकारी योजनाओं, नई नीतियों और विकास से जुड़ी पहलों की जानकारी दी जा रही है।
छात्रों के लिए करियर एवं तकनीकी संभावनाएं, युवाओं के लिए कौशल विकास और उद्यमिता, किसानों के लिए उपयोगी जानकारी तथा आम नागरिकों के लिए विभिन्न सरकारी योजनाओं का मार्गदर्शन प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण हैं।
आईसीएआर, आईसीएमआर, एफएसएसएआई, सीएसआईआर, डीबीटी, बीआईएस, जीएसआई, आरबीआई, आईआईआरएस, एफसीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, एनएफएसयू, सीआईपीईटी, सीपीडब्ल्यूडी और एनआईसी सहित अनेक संस्थान प्रदर्शनी में सहभागी हैं।
आयोजन को पीएनबी का गोल्ड, दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी का सिल्वर और भाषिणी का ब्रॉन्ज सहयोग प्राप्त है। टी बोर्ड इंडिया, सिडबी, एलआईसी और एसबीआई भी आयोजन को समर्थन दे रहे हैं।
प्रदर्शनी के माध्यम से विकास, तकनीक, नवाचार और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ उदयपुर के भविष्य की संभावनाओं को समझने और नए अवसरों से जुड़ने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
रिपोर्ट एवं फोटो : राकेश शर्मा ‘राजदीप’


