Tuesday, August 18, 2026

नवागढ़ में गूंजा राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन, देशभर के पत्रकारों ने जानी प्राचीन विरासत

घुवारा | शाबाश इंडिया।

ललितपुर जिले के अंतिम छोर पर टीकमगढ़ जिले की सीमा से सटे नवागढ़ तीर्थ क्षेत्र में 16 अगस्त को राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया गया। देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे पत्रकारों ने नवागढ़ की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक विरासत को करीब से जाना और इसे देश-दुनिया के सामने लाने का संकल्प लिया।

सम्मेलन संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के मुनि श्री 108 सरल सागर जी के शिष्य तपस्वी मुनि श्री 108 मंगलानंद सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा चित्र अनावरण कर एवं मुनिश्री को श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ हुआ।

नवागढ़ तीर्थ क्षेत्र के निर्देशक एवं प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी जय निशांत जी ने प्रागैतिहासिक अतिशय क्षेत्र नवागढ़ की प्राचीनता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यहां भगवान अरहनाथ स्वामी का विश्व में एकमात्र अतिशय क्षेत्र होने की मान्यता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में प्राचीन पुरातात्विक अवशेष, शैलाश्रय, शैलचित्र एवं प्राचीन भोयरे मौजूद हैं। यहां जैन संस्कृति के प्राचीन साक्ष्यों के साथ संत साधना एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़े अनेक आयाम स्थापित हैं। नवागढ़ में गुरुकुलम एवं गौशाला का संचालन भी किया जा रहा है।

राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने की। कार्यक्रम में दैनिक विश्व परिवार के प्रधान संपादक प्रदीप जैन रायपुर, भारतवर्षीय दिगंबर जैन परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक सुनील जैन, नीति आयोग की सदस्य श्रीमती अर्चना जैन तथा टीकमगढ़ विधायक यादवेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

नवागढ़ तीर्थ क्षेत्र अपनी धार्मिक आस्था, प्राचीन विरासत एवं पुरातात्विक महत्व के लिए लंबे समय से चर्चा में रहा है। भगवान अरहनाथ स्वामी की प्राचीन प्रतिमा, इमली के पेड़ से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं, भंवरी मंदिर तथा क्षेत्र से संबंधित अनेक जनश्रुतियां श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं।

जय निशांत जी के नेतृत्व में आयोजित सम्मेलन में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से पत्रकार एवं मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। पत्रकारों ने नवागढ़ तीर्थ क्षेत्र का भ्रमण कर प्राचीन शिलालेखों, कलाकृतियों, पाषाणकालीन अवशेषों तथा धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन किया।

सम्मेलन में शामिल पत्रकारों ने नवागढ़ की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को अपने समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही नवागढ़ की प्राचीन धरोहर को संरक्षित करते हुए इसे पर्यटन एवं शोध के मानचित्र पर उचित स्थान दिलाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव जैन सेनानी ने प्रतिष्ठाचार्य जय निशांत जी को ‘तीर्थ रक्षक’, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य को ‘समाज रत्न’, पूर्व विधायक सुनील जैन को ‘युवा रत्न’ तथा सम्मेलन मीडिया प्रभारी भरत सेठ घुवारा को ‘आईजा रत्न’ की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया।

राष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन नवागढ़ की प्राचीन धार्मिक एवं पुरातात्विक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar