
जयपुर | शाबाश इंडिया।
जैन सोशल ग्रुप जयपुर गोल्ड एवं जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन नॉर्दर्न रीजन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को महावीर स्कूल में ‘वतन के तराने’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों से सजे इस कार्यक्रम में कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरा सभागार राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया।
ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष राकेश गोघा एवं अध्यक्ष राजकुमार बैद ने बताया कि ‘वतन के तराने’ देशभक्ति गीतों के कार्यक्रम का पांचवां संस्करण था। कार्यक्रम में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं जवाहरात व्यवसायी मनोज-रेखा सेठी ने दीप प्रज्वलित किया। मुख्य अतिथि के रूप में निखिल-छवि सेठी एवं गौरिका जैन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के समन्वयक सुरेंद्र पाटनी एवं संयोजक भरत जैन और मनीष जैन ने बताया कि सुप्रसिद्ध गायक कलाकार डॉ. गौरव जैन (सारेगामा फेम), संजय राजजादा (ABCL फेम) एवं नेहा जैन ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं।
डॉ. गौरव जैन ने ‘जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़ियां करती हैं सवेरा, वह भारत देश है मेरा’ और ‘कर चले हम फिदा, हम वतन साथियों, अब तुम्हारे हवाले वतन साथियों’ जैसे गीतों से माहौल में देशभक्ति का जोश भर दिया। नेहा जैन ने ‘वंदे मातरम्’, ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ और ‘देश रंगीला’ जैसे गीत प्रस्तुत किए।
संजय राजजादा ने ‘ऐ वतन ऐ वतन हमको तेरी कसम’, ‘मेरे देश की धरती सोना उगले’, ‘संदेश आते हैं’ एवं ‘दुल्हन चली’ जैसे लोकप्रिय देशभक्ति गीतों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं राकेश गोघा ने ‘ऐ मेरे प्यारे वतन’ और रिया जैन ने ‘छोड़ो कल की बातें’ गीत प्रस्तुत किया। ‘हर करम अपना करेंगे’ गीत गौरव एवं नेहा जैन ने साथ मिलकर प्रस्तुत किया, जबकि ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ संजय राजजादा एवं गौरव जैन ने प्रस्तुत किया।
देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने और तालियां बजाने के लिए मजबूर कर दिया। गायक कलाकारों का साथ की-बोर्ड पर कपिल बलोदिया एवं पवन जैन, तबले पर सावन डांगी, ढोलक पर पावन डांगी तथा ऑक्टापैड पर इरशाद खान ने दिया।
कार्यक्रम का मंच संचालन राकेश गोघा एवं हरेश पाटनी ने किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जैन सोशल ग्रुप जयपुर गोल्ड के अध्यक्ष राजकुमार बैद ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में ग्रुप सचिव मनीष जैन चांदवाड़ ने वर्षभर की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।


