Thursday, August 13, 2026

एक संकल्प, अनेक जीवन: श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में अंगदान पर जागरूकता व्याख्यान

ब्यावर | शाबाश इंडिया।

श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या पी.जी. महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेड रिबन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में भारत सरकार के राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन द्वारा संचालित देशव्यापी ‘अंगदान–जीवन संजीवनी अभियान’ के अंतर्गत विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ नवकार मंत्र एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता व्याख्याता लवीना ज्ञानचंदानी रहीं। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधन में अंगदान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “अंगदान ही सच्चा जीवनदान है।” उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति द्वारा सेवाभाव से किया गया अंगदान कई जरूरतमंद लोगों को नया जीवन प्रदान कर सकता है।

लवीना ज्ञानचंदानी ने छात्राओं को अंगदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. आर. सी. लोढ़ा ने अंगदान को मानवीय सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए छात्राओं से आह्वान किया कि वे अंगदान के इस पवित्र संदेश को घर-घर तक पहुंचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी प्रीति शर्मा ने अंगदान की प्रक्रिया, इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों तथा अंगदान पंजीकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अंगदान हेतु संकल्प-पत्र भरने के लिए भी प्रेरित किया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी कोमल गुप्ता ने उपस्थित अतिथियों, वक्ताओं एवं छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar