
जयपुर | शाबाश इंडिया।
सी-स्कीम स्थित महावीर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सीबीएसई वेस्ट ज़ोन योगासन प्रतियोगिता-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। यह प्रतियोगिता 30 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक मध्य प्रदेश के सारंगपुर स्थित मास्टरमाइंड कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित हुई।
प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 एवं अंडर-19 टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों वर्गों में तृतीय स्थान प्राप्त किया। साथ ही दोनों टीमों ने कुल 10 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा।
व्यक्तिगत एवं युगल स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अंडर-14 आर्टिस्टिक पेयर स्पर्धा में देवांश टेकवाल (कक्षा VIII-C) एवं प्रथम सारस्वत (कक्षा VII-A) ने रजत पदक जीता। अंडर-14 आर्टिस्टिक सिंगल स्पर्धा में ऋत्विक जैन (कक्षा VII-C) ने कांस्य पदक तथा अंडर-14 ट्रेडिशनल सिंगल स्पर्धा में प्रथम सारस्वत ने रजत पदक अपने नाम किया।
अंडर-19 वर्ग में रिदमिक पेयर स्पर्धा में गर्वित गुप्ता (कक्षा X-A) एवं प्रणव गौर (कक्षा IX-B) ने रजत पदक हासिल किया, जबकि अंडर-19 ट्रेडिशनल सिंगल स्पर्धा में प्रणव गौर ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय के लिए यह विशेष उपलब्धि रही कि गर्वित गुप्ता, प्रणव गौर, देवांश टेकवाल, प्रथम सारस्वत तथा ऋत्विक जैन का चयन सीबीएसई वेस्ट ज़ोन का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय योगासन चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं प्राचार्या श्रीमती सीमा जैन ने सभी विजेता विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को इस शानदार सफलता पर बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।


