
ब्यावर | शाबाश इंडिया।
सामाजिक सरोकार एवं मानव सेवा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए श्री विद्यासागर युवा संगठन द्वारा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, रामावास (जवाजा) में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क चप्पल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विद्यालय में लगभग 150 ग्रामीण एवं मजदूर परिवारों के बच्चे अध्ययनरत हैं, जिनमें से करीब 100 बच्चों के पास चप्पल नहीं होने के कारण उन्हें विद्यालय आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए, इस उद्देश्य से संगठन ने 100 जरूरतमंद विद्यार्थियों को चप्पलें वितरित कीं। साथ ही विद्यालय में उपस्थित सभी बच्चों को बिस्कुट एवं पेन भी प्रदान किए गए।
संगठन के अध्यक्ष कमल जैन ने कहा कि श्री विद्यासागर युवा संगठन समाज के जरूरतमंद वर्ग की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। बच्चों को चप्पलों जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना केवल एक सेवा कार्य नहीं, बल्कि उनके बेहतर स्वास्थ्य, आत्मसम्मान और शिक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन है। उन्होंने बताया कि संगठन भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।
संगठन के मंत्री कल्पेश जैन ने कहा कि ग्रामीण एवं मजदूर परिवारों के बच्चों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज के सहयोग से किए गए ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बच्चों के जीवन में बड़ा सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं। उन्होंने समाजबंधुओं से सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार ने इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से बच्चों में विद्यालय आने का उत्साह बढ़ेगा तथा उनके स्वास्थ्य की भी सुरक्षा होगी।
इस अवसर पर संगठन के अध्यक्ष कमल जैन, मंत्री कल्पेश जैन, सन्मति रावका, यश जैन, मोहित जैन, उज्ज्वल काला, गौरव जैन तथा एकम आसरा से सतपाल, रौनक सहित अन्य सदस्य, विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अंत में विद्यालय स्टाफ ने श्री विद्यासागर युवा संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए इस सेवा कार्य को प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय बताया।


