
जयपुर | शाबाश इंडिया।
दिगंबर जैन सोशल ग्रुप सन्मति, जयपुर द्वारा रिवासा रिसोर्ट, जयसिंहपुरा रोड पर आयोजित “ONE NIGHT STAY – आया सावन झूम के” कार्यक्रम उत्साह, उमंग और मनोरंजन के माहौल में संपन्न हुआ। ग्रुप अध्यक्ष राजेश पाटनी एवं रानी पाटनी ने बताया कि कार्यक्रम में ग्रुप के 100 से अधिक सदस्यों ने भाग लेकर सावन की थीम पर आधारित विभिन्न गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत एवं हाई-टी के साथ हुआ। इसके बाद सदस्यों ने स्विमिंग, मनोरंजक हाउजी तथा सावन थीम पर आधारित फिल्मी गीतों का आनंद लिया। शाम को गायक फतेह अली की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए। रात्रि में आयोजित म्यूजिकल नाइट में सदस्यों ने सावन के सदाबहार गीतों पर जमकर गीत-संगीत और नृत्य का आनंद लिया। इसके बाद देर रात तक चले कैसीनो थीम कार्यक्रम ने सभी को रोमांचित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुख्य समन्वयक मनीष–शोभना लोंग्या, समन्वयक चक्रेश–पिंकी जैन एवं दिलीप–प्रमिला जैन तथा संयोजक चेतन–अनामिका पापड़ीवाल एवं विमल–शिमला जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इस अवसर पर ग्रुप अध्यक्ष राजेश–रानी पाटनी, संस्थापक अध्यक्ष राकेश समता गोदिका तथा निवर्तमान अध्यक्ष मनीष–शोभना लोंग्या ने ग्रुप के नए सदस्य राजेंद्र ठोलिया एवं सुबोध चांदवाड़ का माल्यार्पण कर स्वागत किया। साथ ही ग्रुप सदस्य एडवोकेट जे.एम. जैन एवं श्रीमती आशा गोधा को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए उनका सम्मान भी किया गया।
संस्थापक अध्यक्ष राकेश समता गोदिका ने बताया कि दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन राजस्थान रीजन, जयपुर द्वारा आयोजित अंताक्षरी प्रतियोगिता में ग्रुप की दो टीमों ने भाग लिया। इनमें पंकज पाटनी एवं मंजू ठोलिया की टीम ने 12 टीमों के बीच तृतीय स्थान प्राप्त कर ग्रुप का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
अंत में सचिव संजय–ज्योति छाबड़ा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे पारिवारिक आयोजन आपसी स्नेह, एकता और सामाजिक सौहार्द को और अधिक सुदृढ़ बनाते हैं।


