Thursday, July 16, 2026

राजवंश सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को वितरित की गई पाठ्य सामग्री

सुरेंद्र कुमार जैन परिवार ने शिक्षा सहयोग के माध्यम से निभाया सामाजिक दायित्व

जयपुर | शाबाश इंडिया।

आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से राजवंश सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पाठ्य सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखिल भारतीय श्रीमाल जैन जागृति संस्था के उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जैन एवं उनके परिवार ने विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी तथा अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार है। आर्थिक अभाव के कारण अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में समाज के सक्षम लोगों द्वारा शिक्षा सहयोग करना विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

विद्यार्थियों को स्कूल बैग, कॉपी, पुस्तकें, पेन, पेंसिल, रबर, ज्यामिति बॉक्स सहित अन्य अध्ययन सामग्री मिलने पर उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ शिक्षा के प्रति नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करता है।

स्कूल की निदेशिका सीता चौहान ने कहा कि भारतीय संस्कृति में विद्या दान को सर्वोच्च पुण्य कार्य माना गया है। यदि प्रत्येक सक्षम व्यक्ति या संस्था वर्ष में कम से कम एक बार जरूरतमंद विद्यार्थियों की शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति का संकल्प ले, तो समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

कार्यक्रम संयोजक नवल जैन ने कहा कि सेवा की भावना केवल सामग्री वितरित करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देती है। संस्था के सचिव डॉ. इन्द्र कुमार जैन ने सभी से शिक्षा अभियान में सहभागिता निभाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्कूल के सचिव अनिमेष चौहान, संस्था के अध्यक्ष अजय कुमार जैन, सचिव डॉ. इन्द्र कुमार जैन, कोषाध्यक्ष नवल जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सुरेंद्र कुमार जैन, माया जैन, आयुष जैन एवं लीना जैन ने विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के अध्यक्ष अजय कुमार जैन ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा एवं सेवा से जुड़े ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar