15 से 27 जुलाई तक चलेगा सेवा अभियान, 90 पुलिस सहायता केंद्रों और तकनीक के माध्यम से सुगम होगी यात्रा
पुरी | शाबाश इंडिया।

भगवान जगन्नाथ की विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सेवा के लिए रिलायंस फाउंडेशन ने व्यापक सेवा अभियान शुरू किया है। 15 से 27 जुलाई तक चलने वाले इस अभियान के तहत श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सात्विक भोजन, सुरक्षित पेयजल, पुलिस सहायता केंद्रों का सहयोग, स्वच्छता अभियान और स्वयंसेवकों की तैनाती जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।
रिलायंस फाउंडेशन की ओर से बताया गया कि रथयात्रा में सेवा कार्यों का दायरा इस वर्ष और बढ़ाया गया है। श्रद्धालुओं के साथ-साथ यात्रा व्यवस्था में जुटे पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने कहा कि श्रद्धालुओं और उनकी सेवा में लगे लोगों की सेवा करना भगवान जगन्नाथ की सेवा का ही एक स्वरूप है। उन्होंने कहा कि पुरी रथयात्रा करोड़ों लोगों की आस्था का पर्व है और इसमें सहभागी बनना सौभाग्य की बात है।
अभियान के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क सात्विक भोजन एवं सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं 50 किलोमीटर से अधिक लंबे प्रमुख यात्रा मार्ग पर लगभग 90 पुलिस सहायता केंद्रों को सहयोग प्रदान किया जा रहा है। ड्यूटी पर तैनात करीब 1,000 पुलिसकर्मियों को शिफ्ट के अनुसार पानी, ओआरएस, हल्का जलपान और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रिलायंस फाउंडेशन के स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तैनात रहेंगे। इसके अलावा जीआईएस आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सेवा कार्यों का बेहतर समन्वय किया जाएगा, जिससे जरूरत के अनुसार सहायता पहुंचाई जा सके।
अनंत अंबानी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की सेवा लोगों की सेवा के माध्यम से ही होती है। रिलायंस फाउंडेशन का उद्देश्य प्रशासन और स्थानीय संस्थाओं के सहयोग से करीब 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के लिए रथयात्रा को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाना है।
इस सेवा अभियान के माध्यम से रिलायंस फाउंडेशन ने धार्मिक आयोजन में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा का संदेश दिया है।


