स्वास्थ्य जागरूकता और वैकल्पिक चिकित्सा को बढ़ावा देने वाली पुस्तक आमजन के लिए उपयोगी साबित होगी
जयपुर | शाबाश इंडिया।

राजस्थान के प्रसिद्ध एक्यूप्रेशर एवं मर्म चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पीयूष त्रिवेदी द्वारा लिखित पुस्तक ‘एक्यूप्रेशर’ का लोकार्पण बुधवार को राजभवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में राजस्थान के राज्यपाल महोदय के कर-कमलों द्वारा किया गया।
डॉ. पीयूष त्रिवेदी राजस्थान आयुर्वेद चिकित्साधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वे पिछले 30 वर्षों से एक्यूप्रेशर सेवा समिति के माध्यम से बिना दवा के एक्यूप्रेशर एवं मर्म चिकित्सा पद्धति द्वारा हजारों रोगियों को उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर रहे हैं। उनके नाम ‘दुनिया के सबसे छोटे एक्यूप्रेशर इंस्ट्रूमेंट’ का विश्व रिकॉर्ड भी दर्ज है।
समारोह में राज्यपाल महोदय ने डॉ. त्रिवेदी के चिकित्सा क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि एक्यूप्रेशर जैसी वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियां आमजन के लिए उपयोगी और लाभकारी हैं। उन्होंने कहा कि ‘एक्यूप्रेशर’ जैसी पुस्तकें लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी और स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोगी साबित होंगी।
राज्यपाल ने डॉ. त्रिवेदी को पुस्तक प्रकाशन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
डॉ. पीयूष त्रिवेदी ने बताया कि पुस्तक ‘एक्यूप्रेशर’ में इस चिकित्सा पद्धति के मूल सिद्धांतों, विभिन्न रोगों में उपयोगी दबाव बिंदुओं तथा घर पर किए जाने वाले सरल उपचारों का विस्तार से वर्णन किया गया है। उनका उद्देश्य इस पुस्तक के माध्यम से एक्यूप्रेशर चिकित्सा पद्धति को घर-घर तक पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम में चिकित्सा एवं आयुर्वेद क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. के.पी. सिंह, सीनियर डीएस सुशील कुमार माथुर (शासन सचिवालय), पुस्तक के प्रकाशक अमित अग्रवाल सहित डॉ. त्रिवेदी के शुभचिंतक एवं मित्रगण शामिल रहे।


