Thursday, July 16, 2026

चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में होगा मुनि श्री विश्व विजय सागर जी महाराज का चातुर्मास

22 जुलाई को पारस विहार, मुहाना मंडी मंदिर परिसर में प्रस्तावित है मंगल प्रवेश

जयपुर | शाबाश इंडिया।

पारस विहार, मुहाना मंडी स्थित चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य श्री 108 कुशाग्र नंदी जी महाराज एवं क्षेत्र के साधर्मी बंधुओं के पुण्योदय से आचार्य श्री विराग सागर जी महाराज एवं पट्टाचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज के परम प्रभावी शिष्य मुनि श्री विश्व विजय सागर जी महाराज का वर्ष 2026 का चातुर्मास होना सुनिश्चित हुआ है।

मुनि श्री गिरनार जी सिद्ध क्षेत्र से मंगल विहार करते हुए 12 जुलाई 2026 को टोंक पहुंचे, जहां उनकी आहार चर्या संपन्न हुई। चातुर्मास हेतु श्रीफल भेंट करने के लिए बड़ी संख्या में साधर्मी बंधु टोंक पहुंचे और सभी की सहभागिता में श्रीफल अर्पित किया गया।

चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर के अध्यक्ष पवन कुमार गोदिका ने बताया कि मुनि श्री ने 12 जुलाई की शाम टोंक से विहार किया और 14 जुलाई की शाम आदिश्वर धाम, चाकसू पहुंचे। 15 जुलाई को चाकसू में विराजित आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज ससंघ से गुरु भाईयों का मंगल मिलन हुआ। इसके बाद मुनि श्री का दो दिवसीय प्रवास चाकसू में ही रहा।

इस दौरान गुरु भाईयों की आहार चर्या आदिश्वर धाम चाकसू में संपन्न हुई। मुनि श्री विश्व विजय सागर जी महाराज चाकसू से विहार करते हुए मार्ग में विभिन्न जिनालयों के दर्शन एवं प्रवास करते हुए पारस विहार, मुहाना मंडी स्थित चिंतामणि पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर पहुंचेंगे।

मंदिर परिसर में मुनि श्री का मंगल प्रवेश 22 जुलाई 2026 को वर्षायोग स्थापना हेतु प्रस्तावित है। अध्यक्ष पवन कुमार गोदिका ने बताया कि चातुर्मास प्रवेश एवं अन्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी 18 जुलाई तक समाज को उपलब्ध कराई जाएगी।

चातुर्मास को लेकर पारस विहार, मुहाना मंडी एवं आसपास की कॉलोनियों के साधर्मी बंधुओं में उत्साह का वातावरण है। श्रद्धालुओं ने इसे पुण्य और धर्मलाभ का विशेष अवसर बताते हुए चातुर्मास की तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar