सागर। शाबाश इंडिया।

परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के आज्ञानुवर्ती आचार्य श्री समय सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य नेहानगर गौरव मुनि श्री पदम सागर जी महाराज ससंघ को चातुर्मास हेतु श्रीफल अर्पित किया गया।
श्री दिगंबर जैन महावीर मंदिर, नेहानगर मकरोनिया सागर से श्रद्धालु तीन बसों में सवार होकर श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र पटेरिया जी, गढ़ाकोटा पहुंचे। यहां मंदिर समिति के महामंत्री संजय पटवारी, पाठशाला के नन्हे-मुन्ने बच्चों एवं समाजबंधुओं ने भक्तिभाव के साथ मुनि श्री को नेहानगर सागर में चातुर्मास हेतु श्रीफल भेंट किया।
श्रद्धालुओं ने मुनि श्री से निवेदन किया कि चातुर्मास के दौरान धर्म प्रभावना का विशेष अवसर मिलता है। यदि मुनि श्री का सान्निध्य नेहानगर सागर को प्राप्त होता है तो निश्चित रूप से समाज को आध्यात्मिक लाभ मिलेगा और धर्म प्रभावना बढ़ेगी।
इस अवसर पर मंगल प्रवचन देते हुए मुनि श्री पदम सागर जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में समाज में जो परिस्थितियां चल रही हैं, वे चिंताजनक हैं। पंथवाद और संतवाद के कारण समाज कई भागों में बंट गया है। हमें जागरूक होकर एकता बनाए रखनी होगी, जिससे हमारी पहचान केवल “हम जैन हैं” यही हो।
उन्होंने कहा कि जैन समाज को अपने मूल सिद्धांतों, संस्कारों और एकजुटता को मजबूत करना चाहिए। धर्म और आचरण के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास करना आवश्यक है।
इस अवसर पर पुण्यार्जक के रूप में मंदिर समिति अध्यक्ष निलेश जैन भूसा, अमित जैन मेरठ, मनीष जैन निर्माण जंक्शन ने सहयोग किया। वहीं नाश्ता व्यवस्था का पुण्यार्जन महामंत्री संजय पटवारी एवं प्रवक्ता मनीष सेठ ने अपने जन्मदिन के अवसर पर किया। सभी ने मुनि श्री से मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के दर्शन किए और धर्मलाभ लेकर प्रस्थान किया।


