Tuesday, July 14, 2026

आचार्य श्री 108 विहर्षसागर जी महाराज ससंघ का किशनगढ़ में ऐतिहासिक भव्य मंगल प्रवेश आज

किशनगढ़ (अजमेर)। शाबाश इंडिया।


उत्कृष्ट समाधि गणाचार्य 108 श्री विराग सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य आचार्य श्री 108 विहर्षसागर जी महाराज ससंघ का धर्मनगरी किशनगढ़ में ऐतिहासिक एवं भव्य मंगल प्रवेश बुधवार प्रातः 5:30 बजे होगा। आचार्य ससंघ के प्रथम आगमन को लेकर किशनगढ़ जैन समाज में उत्साह और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है।

प्रचार-प्रसार संयोजक जितेंद्र पाटनी ने बताया कि आचार्य श्री ससंघ मंगलवार को किशनगढ़ की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं। इससे पूर्व प्रेसीडेंसी स्कूल में आगमन के दौरान आचार्य श्री ने केशलोच किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे और धर्मलाभ प्राप्त किया।

उन्होंने बताया कि आचार्य ससंघ ने मंगलवार सायंकाल किशनगढ़ सीमा में प्रवेश के बाद मयूरा स्थित पद्म प्रभु जिनालय में दर्शन किए। इसके पश्चात रात्रि विश्राम के लिए आर.के. गर्ल्स कॉलेज पहुंचे, जहां सुशीला जी पाटनी, शैलेंद्र पाटनी, हिमांशु दाधीच सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

बुधवार प्रातः आर.के. गर्ल्स कॉलेज से आचार्य ससंघ का मंगल विहार धर्मनगरी किशनगढ़ के लिए होगा। किशनगढ़ समाजजन डाक बंगला पर आचार्य ससंघ की भव्य अगवानी करेंगे। इसके बाद डाक बंगला से बैंड-बाजों एवं श्रद्धालुओं की सहभागिता के साथ भव्य शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई जैन भवन पहुंचेगी, जहां धर्मसभा आयोजित की जाएगी।

यह आचार्य ससंघ का किशनगढ़ में प्रथम आगमन है। साथ ही राजस्थान की पावन धरती पर यह उनका दूसरा एवं 32वां चातुर्मास होगा। चातुर्मास की घोषणा से नगरवासियों और जैन समाज में विशेष उत्साह है।

श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष ने बताया कि आचार्य ससंघ के मंगल प्रवेश एवं चातुर्मास आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नगर में धार्मिक आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखा जा रहा है।

आचार्य श्री के विहार में कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री, भारत सरकार भागीरथ चौधरी भी साथ चल रहे हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar