जयपुर। शाबाश इंडिया।

सिल्वर ज्वैलरी कारोबार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से 22 से 24 नवंबर 2026 तक जयपुर में जेएसए सिल्वर शो का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) शो का आयोजन बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ कई देशों से एग्जीबिटर्स, बायर्स और ज्वैलरी कारोबारियों के भाग लेने की संभावना है।
जेएसए के चेयरमैन उज्ज्वल डेरेवाला ने बताया कि शो के आयोजन का निर्णय हाल ही में आयोजित एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। उन्होंने कहा कि जेएसए सिल्वर शो के माध्यम से जयपुर के सिल्वर ज्वैलरी उद्योग को वैश्विक मंच मिलेगा और कारोबार के नए अवसर विकसित होंगे।
एसोसिएशन के सचिव राहुल जैन तथा वाइस चेयरमैन अभिनीत बूचरा और अभिषेक बंसल ने बताया कि शो में सिल्वर ज्वैलरी के नवीनतम कलेक्शन, आधुनिक डिजाइनों के साथ जयपुर की पारंपरिक कारीगरी को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही देश-विदेश से आने वाले एग्जीबिटर्स और बायर्स के बीच बिजनेस नेटवर्किंग, नए ऑर्डर और व्यापारिक साझेदारी के अवसर भी उपलब्ध होंगे, जिससे जयपुर की सिल्वर ज्वैलरी को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिलेगी।
आयोजन समिति ने बताया कि तीन दिवसीय जेएसए सिल्वर शो के कन्वीनर के रूप में डॉ. अरुण गर्ग और श्रीमती अनीता डिंगरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप की जाएंगी, ताकि प्रतिभागियों और खरीदारों को उत्कृष्ट व्यावसायिक अनुभव मिल सके।


