Wednesday, July 8, 2026

मुनि सुधासागर जी महाराज के चातुर्मास के लिए इंदौर समाज ने किया श्रीफल समर्पण, शुभ उदय तीर्थ बीनागंज पहुंचा प्रतिनिधिमंडल

इंदौर। शाबाश इंडिया।

इंदौर दिगंबर जैन समाज के लिए इस वर्ष एक ऐतिहासिक अवसर बनने की संभावना है। जैन समाज के आराध्य, राष्ट्रसंत मुनि पुंगव श्री 108 सुधासागर जी महाराज के वर्षायोग (चातुर्मास) को इंदौर में आयोजित कराने के लिए समाज के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में इंदौर दिगंबर जैन सामाजिक संसद (कीर्ति स्तंभ) के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शुभ उदय तीर्थ, बीनागंज (जिला गुना) पहुंचकर मुनिश्री के श्रीचरणों में श्रीफल अर्पित कर इंदौर पधारने का भावपूर्ण आमंत्रण दिया।

धर्म समाज प्रचारक राजेश जैन ‘दद्दू’ ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने “गुरुवर इंदौर पधारो, हमको तारो” के जयघोष के साथ मुनिश्री से वर्ष 2026 का चातुर्मास इंदौर में करने का विनम्र आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि चातुर्मास इंदौर में होता है तो मालवा अंचल के लाखों श्रद्धालुओं को धर्म साधना एवं आत्मकल्याण का दुर्लभ अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने बताया कि मुनि श्री ने इंदौर समाज की श्रद्धा, समर्पण और भावनाओं की सराहना करते हुए इंदौर चातुर्मास की प्रबल संभावना के सकारात्मक संकेत भी दिए।

श्रीफल समर्पण के अवसर पर सामाजिक संसद के अध्यक्ष आनंद गोधा, महामंत्री हर्ष जैन और कोषाध्यक्ष विजय पटोदी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में एम.के. जैन, अशोक रानी दोषी, राजेश जैन दद्दू, प्रीतिपाल टोंग्या, प्रिंसपाल टोंग्या, मनीष गोधा, सपना गोधा, धर्मेंद्र जैन, आकाश कोयला, अक्षय कासलीवाल, गिरीश जैन, भूपेंद्र जैन, कमल जैन सहित अनेक समाजजन शामिल रहे। सभी ने सामूहिक रूप से गुरुचरणों में अर्घ्य समर्पित कर इंदौर आगमन की मंगलकामना की।

सामाजिक संसद के पदाधिकारियों ने बताया कि मुनि श्री के संभावित इंदौर आगमन को लेकर पूरे मालवा क्षेत्र के जैन समाज में उत्साह का वातावरण है। यदि गुरुवर की कृपा से चातुर्मास इंदौर में आयोजित होता है तो यह शहर के धार्मिक इतिहास का एक अविस्मरणीय अध्याय होगा। इसके लिए समाज ने तैयारियां भी प्रारंभ कर दी हैं।

- Advertisement -spot_img

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article

Skip to toolbar