कोटा | शाबाश इंडिया।

पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के उद्देश्य से सोहनी फुलकारी पंजाबी वुमेंस सोसाइटी ने सराहनीय पहल करते हुए अटवाल नगर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी शहीद में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान गुरुद्वारा परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में 25 छायादार और फलदार पौधे लगाए गए।
सोसाइटी की पदाधिकारियों ने कहा कि आज लगाए गए ये पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा, ठंडी छाया और फल प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
पौधारोपण के साथ-साथ भीषण गर्मी को देखते हुए बेजुबान पक्षियों की प्यास बुझाने का संकल्प भी लिया गया। इसके तहत विभिन्न स्थानों पर पेड़ों पर पानी के कुज्जे (परिंडे) लगाए गए, ताकि पक्षियों को गर्मी के मौसम में राहत मिल सके।
कार्यक्रम में सोहनी फुलकारी पंजाबी वुमेंस सोसाइटी की संरक्षक किरण मलिक, अध्यक्ष डेजी नरूला, सचिव कविता गंभीर, कोषाध्यक्ष रानी गौहरी, सह-कोषाध्यक्ष बेबी साहनी, मीडिया प्रभारी रचना चावला, कार्यकारिणी सदस्य रेखा पिपलानी, सिम्मी आनंद, सरिता भूटानी, जसविंदर कौर, तथा टीम सदस्य सरबजीत कौर, श्वेता नागपाल और प्रभजोत कौर सहित पूरी टीम ने श्रमदान करते हुए कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई।
गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से ज्ञानी जोरावर सिंह और प्रभजोत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। सोसाइटी ने उनके सहयोग और सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्था की अध्यक्ष डेजी नरूला ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।


