जयपुर। शाबाश इंडिया।

श्री महावीर दिगंबर जैन शिक्षा परिषद द्वारा संचालित पद्मावती पब्लिक स्कूल में सोमवार को वन महोत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना तथा वृक्षारोपण के महत्व को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत नर्सरी से प्रेप तक के नन्हे विद्यार्थियों ने “नेचर वर्क” गतिविधि के माध्यम से प्रकृति के प्रति अपने लगाव और रचनात्मकता का सुंदर प्रदर्शन किया। वहीं प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने चित्रकला प्रदर्शनी, प्रेरक कविता पाठ एवं “जर्मिनेशन एक्टिविटी” के माध्यम से पौधों के जीवन चक्र को समझते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं शिक्षिकाओं द्वारा पौधारोपण किया गया। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाने में योगदान देने का संकल्प लिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती हेमलता जैन ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। वे हमें शुद्ध वायु, छाया, वर्षा और जीवन प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी निरंतर देखभाल करना भी हमारा दायित्व है। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो देश को अधिक हरित और समृद्ध बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। इस दौरान सभी ने प्रकृति संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
संदेश — “पेड़ हमारा अभिमान, हरियाली हमारी पहचान।”


