जयपुर | शाबाश इंडिया

वैशाली नगर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (IIEMR) में नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम बैच के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें इवेंट इंडस्ट्री की बदलती आवश्यकताओं, करियर की संभावनाओं तथा संस्थान की इंडस्ट्री-ओरिएंटेड शिक्षा प्रणाली से परिचित कराया गया।
IIEMR के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा, “ट्रेंड्स बदलते रहेंगे, लेकिन इवेंट्स कभी खत्म नहीं होंगे।” उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और नई तकनीकें इवेंट इंडस्ट्री के कार्य करने के तरीकों को बदल सकती हैं, लेकिन लोगों को जोड़ने, यादगार अनुभव देने और भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने वाले आयोजनों की आवश्यकता हमेशा बनी रहेगी। उन्होंने विद्यार्थियों से तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ क्रिएटिविटी, लीडरशिप, कम्युनिकेशन और एक्सपीरियंस डिज़ाइन जैसी दक्षताओं को विकसित करने का आह्वान किया।
IIEMR की चेयरपर्सन प्रिया मिश्रा ने संस्थान की इंडस्ट्री-इंटीग्रेटेड शिक्षा प्रणाली, लाइव प्रोजेक्ट्स, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसरों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में एसके फाइनेंस के हेड-मार्केटिंग अंशुल जैन, फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स के पूर्व अध्यक्ष हरप्रीत बग्गा, डॉ. प्रमिला संजय तथा प्रसिद्ध आरजे जिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इवेंट इंडस्ट्री में सफलता के लिए रचनात्मक सोच, प्रभावी संवाद, टीमवर्क, समय प्रबंधन और सकारात्मक दृष्टिकोण सबसे महत्वपूर्ण गुण हैं। उन्होंने युवाओं से निरंतर सीखते रहने और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने का आह्वान किया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का परिचय संस्थान की फैकल्टी, पाठ्यक्रम, लाइव इवेंट्स, इंडस्ट्री विजिट्स, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट कार्यक्रमों से कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से संवाद कर इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्नों के उत्तर भी प्राप्त किए।
संस्थान प्रबंधन ने बताया कि इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एंड रिसर्च (IIEMR) पिछले दो दशकों से इवेंट मैनेजमेंट एवं एक्सपीरियंस इंडस्ट्री के लिए प्रशिक्षित प्रोफेशनल्स तैयार कर रहा है और यहां के विद्यार्थी देश के अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, फैकल्टी सदस्यों एवं विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देकर किया गया।


